Thu. Jul 9th, 2026

सुकमा में 13 से 18 जुलाई तक चलेगा एचपीवी टीकाकरण सप्ताह, 9 से 15 वर्ष की बालिकाओं को लगेगा मुफ्त टीका

www.healthbhaskar.com/ सुकमा/रायपुर 09 जुलाई 2026. महिलाओं को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा 13 से 18 जुलाई 2026 तक सुकमा जिले में विशेष एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण सप्ताह आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के तहत 9 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है। समय पर लगाया गया एचपीवी टीका इस संक्रमण के खतरे को काफी हद तक कम करता है और भविष्य में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में प्रभावी भूमिका निभाता है।

कम उम्र में टीकाकरण सबसे अधिक प्रभावी

विशेषज्ञों का कहना है कि 9 से 15 वर्ष की आयु में एचपीवी वैक्सीन लगवाना सबसे अधिक प्रभावी माना जाता है। इस उम्र में टीकाकरण न केवल सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करता है, बल्कि एचपीवी संक्रमण की संभावना भी काफी कम कर देता है। इसकी सुरक्षा और प्रभावशीलता को विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 9 से 14 वर्ष की आयु के बच्चों को 6 से 12 महीने के अंतराल पर दो खुराक, जबकि 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों को 6 महीने के भीतर तीन खुराक दी जाती हैं।

अभिभावकों से सहयोग की अपील

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे अपनी 9 से 15 वर्ष आयु की बेटियों को निर्धारित अवधि के दौरान नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर एचपीवी का टीका अवश्य लगवाएं। समय पर टीकाकरण से भविष्य में गंभीर बीमारी, जटिल उपचार और अनावश्यक स्वास्थ्य खर्च से बचाव संभव है।

स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि समय पर टीकाकरण और जन-जागरूकता के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम की जा सकती है। विभाग ने सभी पात्र बालिकाओं से 13 से 18 जुलाई के बीच अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर इस निःशुल्क टीकाकरण अभियान का लाभ उठाने की अपील की है।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page