Tue. Oct 6th, 2026

नेत्रहीन बच्चों की प्रतिभा ने मंत्री नेताम को किया भावुक, संस्था को 1 लाख की मदद का ऐलान

www.healthbhaskar.com/रायपुर  06 अक्टूबर 2026.  गांधी जयंती के अवसर पर ‘सशक्त एमसीबी-सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिले के प्रभारी एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने मनेन्द्रगढ़ स्थित एमसीबी जिला नेत्रहीन, विकलांग शिक्षण-प्रशिक्षण विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बच्चों ने अपनी प्रतिभा से मंत्री को प्रभावित किया। बच्चों की प्रस्तुतियां देखकर मंत्री भावुक हो गए और संस्था को 1 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।

मंत्री ने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई, भोजन, आवास, ब्रेल शिक्षा और प्रशिक्षण की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से सीधे पूछा कि भोजन की गुणवत्ता और अन्य व्यवस्थाएं कैसी हैं। शिक्षकों से भी शिक्षा एवं प्रशिक्षण की स्थिति की जानकारी ली।

गीत, रामायण पाठ और जीव-जंतुओं की आवाजों से दिखाई प्रतिभा

निरीक्षण के दौरान बच्चों ने स्वागत गीत और संगीत के साथ रामायण पाठ एवं सुंदरकांड की चौपाइयां प्रस्तुत कीं। इसके अलावा बच्चों ने विभिन्न जीव-जंतुओं की आवाजें निकालकर अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनके आत्मविश्वास और सीखने की ललक से प्रभावित मंत्री नेताम ने बच्चों की जमकर सराहना की।

मंत्री ने कहा कि बच्चों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा से साबित किया है कि वे किसी से पीछे नहीं हैं। उनमें संगीत, गायन और सांस्कृतिक गतिविधियों की शानदार क्षमता है। जरूरत केवल उन्हें उचित अवसर और बड़ा मंच देने की है।

मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश

विद्यालय के प्राचार्य संतोष चढ़ोकर ने संस्था के संचालन में आ रही आर्थिक कठिनाइयों की जानकारी देते हुए शिक्षकों के वेतन में वृद्धि और बच्चों के भरण-पोषण की राशि बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बच्चों के भरण-पोषण के लिए 600 रुपये की राशि मिलती है।

मंत्री ने शौचालय, पेयजल, बिस्तर सहित अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम को विद्यालय का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा, ताकि बच्चों की जरूरतों का समय पर समाधान हो सके।

संस्था को 1 लाख रुपये की सहायता

बच्चों की प्रतिभा और विद्यालय की व्यवस्थाओं से प्रभावित होकर मंत्री नेताम ने संस्था के संचालन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए 1 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने बच्चों को साउंड सिस्टम बॉक्स और फल-फूल भी भेंट किए।

मंत्री ने कहा कि ‘सशक्त एमसीबी-सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य जरूरतमंदों तक संवेदनशीलता के साथ पहुंचना और उन्हें सम्मानपूर्वक बेहतर जीवन के अवसर उपलब्ध कराना है। दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना इसी सेवा भावना का हिस्सा है।

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह, जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षक मौजूद रहे।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page