सेवा संकल्प अभियान से गांवों तक पहुंचीं स्वास्थ्य सेवाएं, 225 मरीजों को मिला इलाज
www.healthbhaskar.com/रायपुर 06 अक्टूबर 2026. सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत बलरामपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को गांवों तक पहुंचाने के लिए भेलवाडीह और सेमली (ओबरी) में विशेष शिविर आयोजित किए गए। भेलवाडीह में मेगा स्वास्थ्य शिविर और सेमली में जन समस्या समाधान शिविर लगाया गया। दोनों शिविरों में कुल 225 मरीजों की ओपीडी हुई और ग्रामीणों को जांच, चिकित्सकीय परामर्श, दवा वितरण सहित विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिला।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविरों में ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड, वय वंदना योजना, टीबी मुक्त भारत अभियान और जन औषधि केंद्र जैसी योजनाओं की जानकारी दी। हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए। शिविर का संचालन खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुज कुमार टोप्पो और बीईटीओ अजीत गुप्ता के नेतृत्व में किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने शिविरों का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और स्टॉलों का जायजा लिया। उन्होंने प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करने तथा दवाओं और जांच सुविधाओं को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम जन-मन मोबाइल मेडिकल यूनिट का निरीक्षण कर लैब जांच और दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी भी ली।
भेलवाडीह में 98 मरीजों की जांच
भेलवाडीह के मेगा स्वास्थ्य शिविर में 98 मरीजों की ओपीडी हुई। इनमें 45 मरीजों की रैंडम ब्लड शुगर, 11 की हीमोग्लोबिन और 3 की मलेरिया जांच की गई। दो मरीजों की सीबीसी जांच के साथ आरएफटी और एलएफटी की एक-एक जांच की गई। टीबी जांच के लिए पांच मरीजों के खखार के नमूने भी लिए गए।
सेमली में 127 लोगों ने लिया लाभ
सेमली के जन समस्या समाधान शिविर में 127 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। यहां 35 लोगों की मधुमेह, 40 की रक्तचाप और 4 की हीमोग्लोबिन जांच की गई। शिविर में आयुष मिशन के तहत डॉ. हसन एवं उनकी टीम के साथ सीएचओ, आरएचओ, एमटी और मितानिनें मौजूद रहीं।
इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को उनके गांव के नजदीक स्वास्थ्य जांच, उपचार, दवाइयों और सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
