मेगा स्वास्थ्य शिविर में बुजुर्गों का सम्मान, 100 श्रवण यंत्र और 150 वॉकिंग स्टिक बांटीं
www.healthbhaskar.com/रायपुर 06 अक्टूबर 2026. अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर पोड़ी चिरमिरी के मंगल भवन में आयोजित दो दिवसीय मेगा स्वास्थ्य शिविर में बुजुर्गों को सम्मान के साथ स्वास्थ्य सुविधाएं और सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम में बुजुर्गों को शॉल और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं जरूरतमंदों को 100 श्रवण यंत्र और 150 वॉकिंग स्टिक सहित अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए।
30 सितंबर से शुरू हुए शिविर में स्वास्थ्य विभाग और समाज कल्याण विभाग की संयुक्त टीम ने स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और सहायक उपकरण वितरण की व्यवस्था की। अब तक 450 से अधिक लोगों की आंखों की जांच की जा चुकी है। जांच के आधार पर जरूरतमंदों को चश्मे भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
एक ही जगह जांच, इलाज और सहारा
महापौर रामनरेश राय की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बुजुर्गों के सम्मान और गरिमापूर्ण जीवन को समाज की जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए। परिवार और समाज को उनकी जरूरतों के प्रति लगातार संवेदनशील रहना चाहिए।
शिविर में पात्रता और चिकित्सकीय जांच के आधार पर श्रवण यंत्र, वॉकिंग स्टिक और व्हीलचेयर सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए जा रहे हैं। इससे बुजुर्गों और जरूरतमंद नागरिकों को दैनिक गतिविधियों, आवागमन और संवाद में सहूलियत मिलेगी।
आगे के उपचार और रेफरल की भी व्यवस्था
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने बताया कि शिविर में स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान के साथ सहायक उपकरणों की जरूरत का आकलन भी किया जा रहा है। चिकित्सकीय परामर्श के बाद जरूरत पड़ने पर आगे के उपचार और रेफरल की व्यवस्था में भी सहयोग दिया जा रहा है।
जिला नोडल अधिकारी डॉ. नम्रता चक्रवर्ती ने राष्ट्रीय वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 60 वर्ष और उससे अधिक आयु के नागरिकों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना इसका प्रमुख उद्देश्य है।
समाज कल्याण विभाग की अंजना बेक ने बताया कि विभाग बुजुर्गों की देखभाल के साथ उनके दैनिक जीवन को आसान और आत्मनिर्भर बनाने पर भी ध्यान दे रहा है। शिविर में स्वास्थ्य जांच, उपचार संबंधी सलाह और जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण एक ही स्थान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में सभापति संतोष सिंह, डॉ. स्वप्निल तिवारी, डॉ. जमुना प्रसाद आर्य, राजकुमार राजवाड़े, अवनीश पांडेय, सुषमा पांडेय, किरण पांडेय सहित स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
