Tue. Oct 6th, 2026

www.healthbhaskar.com/रायपुर  06 अक्टूबर 2026. बैलाडीला की पहाड़ियों के अंतिम छोर पर बसे पहुंचविहीन ग्राम बेंगपाल तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 8 किलोमीटर का दुर्गम और पथरीला रास्ता पैदल तय किया। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत टीम गांव पहुंची और पेड़ की छांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच, उपचार और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श किया।

शिविर में 106 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और जरूरत के अनुसार दवाइयां वितरित की गईं। मलेरिया की रोकथाम के लिए शिविर में पहुंचे सभी ग्रामीणों की स्क्रीनिंग की गई। वहीं 30 वर्ष से अधिक आयु के ग्रामीणों का ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर जांचा गया।

गर्भवती महिलाओं का पंजीयन, बच्चों का टीकाकरण

शिविर में गर्भवती महिलाओं का पंजीयन किया गया। बच्चों का नियमित टीकाकरण भी कराया गया। स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों का नेत्र परीक्षण करते हुए मोतियाबिंद के मरीजों की पहचान की। चिन्हांकित मरीजों को आगे उपचार और ऑपरेशन के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।

आयुष्मान और वय वंदना कार्ड भी बनाए

शिविर में पात्र ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। वहीं 70 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रधानमंत्री वय वंदना योजना के तहत कार्ड तैयार किए गए। इस दौरान ग्रामीणों को स्वास्थ्य योजनाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।

दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद स्वास्थ्य अमले ने पैदल सफर कर ग्रामीणों तक जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाईं। जिले के अंदरूनी और दूरस्थ इलाकों में ऐसे शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अंतिम छोर तक रहने वाले लोगों को जांच, उपचार और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिल सके।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page