Tue. Oct 6th, 2026

ओरछा में लगा ‘सेवा संकल्प शिविर’, 237 से ज्यादा ग्रामीणों को मिला मुफ्त इलाज और जांच की सुविधा

www.healthbhaskar.com/रायपुर  06 अक्टूबर 2026. राज्य सरकार के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओरछा में एक दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। दूरस्थ अंचल में आयोजित इस शिविर में 237 से अधिक ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न बीमारियों की जांच और निःशुल्क उपचार की सुविधा का लाभ उठाया।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पैथोलॉजी और विभिन्न नैदानिक जांच की सेवाएं उपलब्ध कराईं। मलेरिया की रोकथाम के लिए 169 लोगों की जांच की गई, जिसमें 41 मरीज पीएफ और 7 मरीज पीवी पॉजिटिव पाए गए। वहीं एनीमिया की जांच के लिए 146 लोगों का हीमोग्लोबिन परीक्षण किया गया, जिसमें 39 ग्रामीणों में रक्त की कमी मिली।

इसी तरह मधुमेह की जांच के तहत 138 लोगों की ब्लड शुगर जांच की गई। इनमें 6 मरीजों में शुगर का स्तर अधिक पाया गया, जिन्हें मौके पर ही आवश्यक दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। शिविर में उच्च रक्तचाप और सिकल सेल से पीड़ित मरीजों की भी पहचान कर उन्हें नियमित उपचार से जोड़ने की पहल की गई।

गर्भवती महिलाओं की भी हुई जांच

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए 19 गर्भवती महिलाओं का पंजीयन कर प्रसव पूर्व जांच की गई। इसके अलावा नेत्र और दंत परीक्षण, टीबी की जांच के लिए बलगम नमूना संग्रह तथा एचआईवी, हेपेटाइटिस, डेंगू, टाइफाइड, लिवर, किडनी और थायरॉइड से संबंधित जांचें भी की गईं।

शिविर में डिजिटल स्वास्थ्य सुविधा के तहत दो पात्र हितग्राहियों के मौके पर आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शिविर में चिन्हित मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि उन्हें आगे भी समय पर उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page