जशपुर में एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू, 31 अगस्त तक किशोरियों को लगेगी मुफ्त वैक्सीन
www.healthbhaskar.com रायपुर 07 जुलाई 2026. जशपुर जिले में किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान शुरू किया है। यह विशेष अभियान 31 अगस्त 2026 तक चलेगा। अभियान के तहत जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल में पात्र किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा ने बताया कि इस अभियान के तहत वे किशोरियां पात्र हैं, जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, लेकिन अभी 15 वर्ष की नहीं हुई हैं। आयु सत्यापन के लिए आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र या अन्य फोटो पहचान पत्र मान्य होंगे। उन्होंने कहा कि जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में टीकाकरण की समुचित व्यवस्था की गई है।
जिला कलेक्टर रोहित व्यास ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बेटियों का स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है और शासन द्वारा यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने सभी पात्र किशोरियों का समय पर टीकाकरण कराने का आग्रह किया।
महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में अहम कदम
सीएमएचओ डॉ. जात्रा ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ 28 फरवरी 2026 को किया गया था। यह वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम का सबसे प्रभावी उपाय मानी जाती है। समय पर टीकाकरण से भविष्य में इस गंभीर बीमारी का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार एचपीवी वैक्सीन केवल सर्वाइकल कैंसर ही नहीं, बल्कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस से होने वाले अन्य कैंसर और जननांग मस्सों से भी सुरक्षा प्रदान करती है। स्वास्थ्य विभाग टीकाकरण अभियान के साथ व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम भी चला रहा है, ताकि जिले की अधिक से अधिक पात्र किशोरियां इस निःशुल्क सुविधा का लाभ उठा सकें।
