Wed. Jul 8th, 2026

सहकारी सप्ताह: कुनकुरी में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

www.healthbhaskar.com रायपुर 07 जुलाई 2026. सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सहकारी सप्ताह के तहत जशपुर जिले के कुनकुरी में शनिवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कुनकुरी के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित जनऔषधि केंद्र में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी स्वास्थ्य समस्याओं के अनुरूप परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया। जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का भी वितरण किया गया। चिकित्सकों ने नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने और समय पर उपचार लेने की सलाह दी।

इस दौरान नागरिकों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम, योग और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई।

कार्यक्रम में सहकारिता विभाग, अपेक्स बैंक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी बताया।

गौरतलब है कि सहकारी सप्ताह के तहत जिले में स्वास्थ्य, वित्तीय समावेशन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने के साथ-साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page