Thu. Jul 9th, 2026

मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान को मिली रफ्तार, मलेरिया-मुक्त बस्तर के लिए घर-घर पहुंच रही स्वास्थ्य टीमें

www.healthbhaskar.com/ जगदलपुर/रायपुर 09 जुलाई 2026. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की जनस्वास्थ्य प्राथमिकता और सुशासन की सोच के अनुरूप बस्तर जिले में मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत मलेरिया मुक्त बस्तर के लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मलेरिया, डेंगू तथा अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं।

अभियान के तहत स्वास्थ्यकर्मी गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर बुखार से पीड़ित लोगों की पहचान कर रहे हैं। जरूरत पड़ने पर मलेरिया और डेंगू की स्क्रीनिंग के साथ तत्काल उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही संभावित प्रभावित क्षेत्रों में लार्वा सर्वे, मच्छरों के प्रजनन स्थलों का नष्टिकरण, फॉगिंग और दवा छिड़काव जैसे प्रभावी उपाय लगातार किए जा रहे हैं, ताकि संक्रमण के प्रसार को समय रहते रोका जा सके।

जनजागरूकता पर भी विशेष जोर

स्वास्थ्य विभाग अभियान के दौरान लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने, घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने, नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करने और बुखार या अन्य संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर स्वयं इलाज करने के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने के लिए जागरूक कर रहा है।

विभागों के समन्वय से चल रहा स्वच्छता अभियान

स्वास्थ्य विभाग के साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय निकाय और अन्य संबंधित विभाग मिलकर व्यापक स्वच्छता गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास किए जा रहे हैं।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, घरों और आसपास पानी जमा न होने दें तथा किसी भी प्रकार के बुखार या संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराएं। प्रशासन का विश्वास है कि जनसहभागिता और सतत जागरूकता से मलेरिया मुक्त, स्वच्छ और स्वस्थ बस्तर का लक्ष्य जल्द ही हासिल किया जा सकेगा।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page