Thu. Jul 9th, 2026

बस्तर को मिली पहली अत्याधुनिक कैथ लैब की सौगात, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया लोकार्पण

www.healthbhaskar.com/जगदलपुर/रायपुर 09 जुलाई 2026 बस्तर की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक रहा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने डिमरापाल स्थित कॉन्टिनेंटल छत्तीसगढ़ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में बस्तर संभाग की पहली और छत्तीसगढ़ की दूसरी अत्याधुनिक कैथ लैब (Cath Lab) का लोकार्पण किया। इस सुविधा के शुरू होने से अब बस्तर और आसपास के क्षेत्रों के हृदय रोगियों को आधुनिक इलाज के लिए रायपुर या अन्य बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा।

लोकार्पण के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर की स्वास्थ्य व्यवस्था में तेजी से सुधार हो रहा है और यह कैथ लैब गंभीर हृदय रोगियों के लिए जीवनरक्षक साबित होगी। उन्होंने बताया कि मेकाहारा के बाद यह राज्य का दूसरा बड़ा सरकारी कैथ लैब संस्थान है, जिससे समय पर एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी और अन्य हृदय संबंधी उपचार उपलब्ध हो सकेंगे।

योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अस्पताल की भी तैयारी

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि बस्तर में स्वास्थ्य सुविधाओं का और विस्तार करते हुए पीपीपी मॉडल पर समर्पित योग एवं नेचरोपैथी अस्पताल भी स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा केंद्र सरकार को बस्तर में आयुर्वेद आधारित राष्ट्रीय उपचार केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव भी भेजा गया है।

‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ की सफलता का जिक्र

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत बस्तर क्षेत्र के लगभग 99 प्रतिशत लोगों का डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड और स्वास्थ्य परीक्षण पूरा किया जा चुका है। स्वास्थ्य सेवाओं में आए बदलाव को देखने के लिए जल्द ही विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और यूनिसेफ (UNICEF) की टीमें भी बस्तर का दौरा करेंगी।

स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता

कॉन्टिनेंटल हॉस्पिटल प्रबंधन के सहयोग से स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में भी पहल की गई है। अस्पताल में विभिन्न श्रेणियों के पदों पर करीब 70 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी गई है।

क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी?

कॉन्टिनेंटल हॉस्पिटल्स के संस्थापक एवं चेयरमैन डॉ. गुरु एन. रेड्डी ने बताया कि नई कैथ लैब में बिना बड़े ऑपरेशन के हृदय एवं रक्त वाहिकाओं से जुड़ी गंभीर बीमारियों की जांच और उपचार किया जाएगा। यहां कोरोनरी एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी (स्टेंट प्रत्यारोपण), पेसमेकर प्रत्यारोपण सहित विभिन्न इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी प्रक्रियाएं आधुनिक तकनीक से की जा सकेंगी। इससे बस्तर संभाग के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों के मरीजों को भी स्थानीय स्तर पर बेहतर हृदय उपचार मिलेगा और आपातकालीन स्थिति में समय रहते इलाज संभव होगा। अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के तहत भी मरीजों को उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, विधायक किरण सिंह देव, विधायक विनायक गोयल, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर संजय पांडेय, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, अस्पताल प्रबंधन, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page