मैट्स विश्वविद्यालय में ‘मेंटल हेल्थ केयर’ पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ
healthbhaskar.com रायपुर 17/06/2026 । मैट्स विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग द्वारा “मेंटल हेल्थ केयर” विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ पारंपरिक सरस्वती पूजन के साथ किया गया। सम्मेलन में देशभर से आए शिक्षाविदों, शोधार्थियों, मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों और विद्यार्थियों ने भाग लेकर मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े समकालीन मुद्दों एवं नए आयामों पर चर्चा की।
कार्यक्रम में आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. प्रदीप कुमार पात्रा मुख्य अतिथि तथा काउंसलिंग साइकोलॉजिस्ट डॉ. अम्बा सेठी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। डॉ. पात्रा ने अपने संबोधन में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता की बढ़ती आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हैं। उन्होंने धैर्य को मानसिक एवं शारीरिक संतुलन बनाए रखने का महत्वपूर्ण आधार बताया।
मुख्य वक्ता डॉ. अम्बा सेठी ने मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों, समय पर पहचान, परामर्श एवं मनोचिकित्सा की भूमिका पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने मानसिक रोगों से जुड़े सामाजिक कलंक को समाप्त करने के लिए जागरूकता और संवेदनशीलता बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
इस राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का संयोजन मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. शाइस्ता अंसारी ने किया। कार्यक्रम में कुलपति (प्रो.) डॉ. के.पी. यादव, कुलसचिव श्री गोकुलानंदा पांडा सहित विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने भाग लिया तथा सम्मेलन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
