Thu. Sep 17th, 2026

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में आज महा-रक्तदान शिविर, युवाओं से आगे आने की अपील

www.healthbhaskar.com/सारंगढ़-बिलाईगढ़ 17 सितम्बर 2026. ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर को जिले में महा-रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने शिविर को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक एक साथ तीन स्थानों पर रक्तदान किया जा सकेगा।

शिविर का आयोजन जिला चिकित्सालय सारंगढ़, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ और बरमकेला में किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों और गंभीर मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है, ताकि समय पर रक्त नहीं मिलने से किसी जरूरतमंद की जान खतरे में न पड़े।

एक यूनिट रक्त से बच सकती हैं तीन जिंदगियां

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रक्त का कृत्रिम विकल्प अभी प्रयोगशाला में तैयार नहीं किया जा सकता। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान ही जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होता है। एक यूनिट रक्त से विभिन्न घटकों के माध्यम से अधिकतम तीन लोगों को लाभ मिल सकता है।

सीएमएचओ ने ‘रक्तदान करें–जीवन बचाएं’ और ‘सुरक्षित रक्त, सुरक्षित जीवन’ का संदेश देते हुए लोगों से अभियान में भागीदारी की अपील की है।

युवाओं और समाजसेवियों से विशेष अपील

जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने युवाओं, समाजसेवियों और प्रबुद्ध नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने का आह्वान किया है। विभाग ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। 17 सितंबर को जिले के नजदीकी निर्धारित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर लोग इस अभियान में सहभागी बन सकते हैं।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page