Thu. Sep 17th, 2026

टेली मेडिसिन से दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं

www.healthbhaskar.com/रायपुर  17 सितम्बर 2026.डिजिटल माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से टेली मेडिसिन कार्यक्रम महत्वपूर्ण पहल बन रहा है। आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा शुरू किए गए इस कार्यक्रम के माध्यम से मरीज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, फोन कॉल और मोबाइल ऐप के जरिए विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श ले सकते हैं।

इस सुविधा से मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टर तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करने की जरूरत कम हुई है। इससे समय और यात्रा खर्च की बचत के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत हो रही है। यह पहल डिजिटल इंडिया अभियान के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

छत्तीसगढ़ में 2024 से संचालन

छत्तीसगढ़ में आयुष विभाग द्वारा अप्रैल 2024 से टेली मेडिसिन कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश की 256 आयुष संस्थाओं में यह सुविधा उपलब्ध है। इसे चरणबद्ध तरीके से प्रदेश की सभी आयुष संस्थाओं तक विस्तारित करने की योजना है।

कार्यक्रम के तहत 2 हब, 54 हब-सह-स्पोक और 200 हब सेंटर का चयन किया गया है। अब तक 8,056 हितग्राहियों को टेली मेडिसिन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल चुका है।

डिजिटल तकनीक के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध होने से दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलने का रास्ता मजबूत हुआ है।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page