Mon. Nov 9th, 2026

हार्ट अटैक में लगने वाला 40 हजार तक का इंजेक्शन सरकारी अस्पताल में मुफ्त, गंभीर मरीजों को बड़ी राहत

एसीआई में टेनेक्टेप्लेस समेत कई महंगी और जीवनरक्षक दवाएं निःशुल्क उपलब्ध, इलाज के दौरान बाहर से खरीदने की जरूरत कम

www.healthbhaskar.com/रायपुर  20 सितम्बर 2026. गंभीर हृदय रोग और हार्ट अटैक के मरीजों के लिए राहत की खबर है। पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय, रायपुर के एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट (एसीआई) में कई महंगी और जीवनरक्षक दवाएं एवं इंजेक्शन मरीजों को निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को महंगे उपचार का अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाने से राहत मिल रही है।

40 हजार रुपए तक की दवा अस्पताल में उपलब्ध

एसीआई के कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. (प्रो.) स्मित श्रीवास्तव के अनुसार अस्पताल में हृदय रोगों के उपचार के लिए कई महत्वपूर्ण दवाएं उपलब्ध हैं। इनमें टिकैग्रिलोर 90 मिलीग्राम, टेनेक्टेप्लेस (TNK-tPA), व्यामाडा, एज़ेटिमाइब, मावाकैम्टेन, सरोग्लिटाज़ार और इवोलोकुमैब (रिपाथा) सहित अन्य दवाएं शामिल हैं।

इनमें टेनेक्टेप्लेस इंजेक्शन की बाजार कीमत लगभग 35 से 40 हजार रुपए तक बताई गई है, जबकि मावाकैम्टेन की कीमत करीब 21 से 22 हजार रुपए तक हो सकती है। कीमतें ब्रांड, डोज और पैक के अनुसार अलग-अलग हो सकती हैं। अस्पताल में चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार इन दवाओं की निःशुल्क उपलब्धता मरीजों के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक राहत है।

हार्ट अटैक में थक्का घोलने वाली दवाएं भी उपलब्ध

हार्ट अटैक जैसी आपात स्थिति में चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार उपयोग होने वाला टेनेक्टेप्लेस 20, 30 और 40 मिलीग्राम की क्षमता में उपलब्ध है। इसके साथ स्ट्रेप्टोकाइनेज 15 लाख IU इंजेक्शन भी अस्पताल में उपलब्ध कराया जा रहा है।

इन दवाओं का इस्तेमाल विशेष परिस्थितियों में रक्त के थक्के को घोलने के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में किया जाता है। ऐसे मामलों में समय पर दवा उपलब्ध होना उपचार प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है।

एंजियोग्राफी समेत गंभीर उपचार में जरूरी दवाएं उपलब्ध

एसीआई में एंजियोग्राफी के दौरान उपयोग होने वाला नॉन-आयोनिक कॉन्ट्रास्ट मीडिया—ऑम्निपेक और विजिपेक भी अस्पताल की आपूर्ति में उपलब्ध है।

इसके अलावा एनोक्सापारिन 60 मिलीग्राम, हेपरिन, ह्यूमन एल्ब्यूमिन 20 प्रतिशत, नाइट्रोग्लिसरीन, निकोरैंडिल, आइसोप्रेनालिन और लिडोकेन जैसी आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध हैं। गंभीर संक्रमण अथवा अन्य आपात परिस्थितियों में उपयोग होने वाली इमिपेनम-सिलास्टिन, पाइपरैसिलिन-टैजोबैक्टम, लाइनजोलिड, टीकोप्लानिन और सेवोफ्लुरेन जैसी दवाएं भी अस्पताल की व्यवस्था में शामिल हैं।

डीन बोले—महंगी दवाओं की खरीद से परिवारों को राहत

पं. जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. विवेक चौधरी ने कहा कि गंभीर बीमारी के दौरान महंगे इंजेक्शन और दवाओं की निजी तौर पर खरीद परिवार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल सकती है। सरकारी अस्पताल में इनकी निःशुल्क उपलब्धता मरीजों और उनके परिजनों के लिए राहतकारी है।

समय पर उपचार में मददगार होगी उपलब्धता

अंबेडकर अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर के अनुसार एसीआई के कार्डियोलॉजी विभाग में गंभीर हृदय रोगियों के उपचार में उपयोग होने वाली महत्वपूर्ण दवाएं और इंजेक्शन अस्पताल की व्यवस्था के तहत निःशुल्क दिए जा रहे हैं।

विशेषकर हार्ट अटैक, रक्त के थक्के और अन्य आपात परिस्थितियों में आवश्यक दवाएं अस्पताल में उपलब्ध रहने से मरीजों को समय पर उपचार देने में मदद मिलती है। साथ ही परिजनों को बाहर से महंगी दवाएं खरीदने की आवश्यकता कम होती है।

सरकारी अस्पताल में आधुनिक उपचार सुविधाओं पर जोर

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। एसीआई में महंगी, आधुनिक और जीवनरक्षक दवाओं की निःशुल्क उपलब्धता से गंभीर हृदय रोगियों को उपचार के दौरान आर्थिक राहत के साथ जरूरी चिकित्सा सुविधा समय पर उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page