Sun. Sep 20th, 2026

सड़क हादसे में गंभीर घायल सोमेश्वर को आयुष्मान योजना से मिला नया जीवन, 15 हजार की उपचार राशि स्वीकृत

पसलियों और रीढ़ में गंभीर चोट के बाद विशेषज्ञों ने संभाला मोर्चा, 9 दिन के इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौटे

www.healthbhaskar.com/रायपुर  20 सितम्बर 2026. सड़क दुर्घटना के बाद गंभीर रूप से घायल नारायणपुर के 24 वर्षीय सोमेश्वर नुरेटी के लिए आयुष्मान भारत योजना आर्थिक सहारा बनकर सामने आई। 4 सितंबर को हुए मोटरसाइकिल हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार के बाद उनकी स्थिति में तेजी से सुधार हुआ और 13 सितंबर 2026 को उन्हें स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

हादसे के बाद बिगड़ी थी हालत

4 सितंबर को दुर्घटना के तुरंत बाद सोमेश्वर को अस्पताल पहुंचाया गया। उस समय वह अर्ध-बेहोशी और भ्रम की स्थिति में थे तथा ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे। चिकित्सकीय जांच में पीठ पर गहरे घाव के अलावा दाहिनी ओर की 9वीं और 10वीं पसली में फ्रैक्चर सामने आया।

जांच में रीढ़ की हड्डी के L1, L2 और L3 ट्रांसवर्स प्रोसेस में भी गंभीर चोट पाई गई। इसके कारण वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गए थे।

डॉक्टरों की निगरानी में शुरू हुआ उपचार

अस्पताल में भर्ती होने के बाद ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. मनोज और उनकी मेडिकल टीम ने उपचार शुरू किया। सोमेश्वर की स्थिति का आकलन करने के लिए होल एब्डोमेन यूएसजी, चेस्ट, स्पाइन और पेल्विस के एक्स-रे सहित आवश्यक जांचें कराई गईं।

रीढ़ और पैर को आवश्यक सपोर्ट देने के लिए टेलर ब्रेस और बी/के पीओपी स्लैब लगाया गया। इसके साथ दवाइयों और नियमित ड्रेसिंग के अलावा फिजियोथेरेपी, डीप ब्रीदिंग और टो-एक्सरसाइज कराई गई।

दर्द कम हुआ, सामान्य हुए सभी वाइटल्स

लगातार चिकित्सकीय निगरानी और नर्सिंग केयर से सोमेश्वर की हालत में सुधार आने लगा। उनका दर्द काफी कम हुआ और शरीर के सभी वाइटल्स सामान्य हो गए। उपचार के बाद वह पूरी तरह सचेत और स्वस्थ स्थिति में पहुंचे।

13 सितंबर को उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।

आयुष्मान कार्ड से 15,180 रुपए की उपचार राशि स्वीकृत

सोमेश्वर के उपचार के लिए आयुष्मान कार्ड योजना के तहत 15,180 रुपए की राशि स्वीकृत हुई। जांच, दवाइयां, विशेषज्ञ परामर्श और फिजियोथेरेपी सहित आवश्यक उपचार सुविधाएं योजना के अंतर्गत उपलब्ध कराई गईं।

आर्थिक रूप से चुनौतीपूर्ण समय में योजना से मिले इस सहयोग ने सोमेश्वर और उनके परिवार को इलाज के खर्च की चिंता से राहत दी। समय पर चिकित्सा सुविधा, विशेषज्ञों की निगरानी और निरंतर देखभाल से सोमेश्वर अब स्वस्थ होकर अपने सामान्य जीवन की ओर लौट रहे हैं।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page