Wed. Sep 23rd, 2026

आयुर्वेद दिवस पर MATS University में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, विशेषज्ञों ने दिए परामर्श

www.healthbhaskar.com/रायपुर  23 सितम्बर 2026. आयुर्वेद दिवस के अवसर पर “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” थीम के तहत MATS University, पंडरी में योग विभाग द्वारा आयुर्वेद स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। योग हॉल में हुए इस शिविर में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने स्वास्थ्य जांच कराई तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से आवश्यक परामर्श लिया।

कार्यक्रम में डायरेक्टर जनरल प्रीयेश पगारिया, कुलपति डॉ. के.पी. यादव और कुलसचिव गोकुलानंद पंडा ने विश्वविद्यालय परिवार को आयुर्वेद दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, योग और आयुर्वेद को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। विद्यार्थियों को भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।

महिला स्वास्थ्य से लेकर वजन प्रबंधन तक हुई जांच

शिविर में नारायण प्रसाद अवस्थी शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय चिकित्सालय, रायपुर की विशेषज्ञ टीम ने सेवाएं दीं। चिकित्सकों ने महिला स्वास्थ्य, लीवर एवं किडनी संबंधी समस्याओं, हड्डी-जोड़ों की परेशानी, त्वचा रोग, मोटापा और वजन प्रबंधन सहित विभिन्न जीवनशैली से जुड़ी समस्याओं की जांच की।

इसके अलावा ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और वजन की जांच भी की गई। परीक्षण के बाद प्रतिभागियों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार खान-पान, दिनचर्या और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर व्यक्तिगत सुझाव दिए गए। आवश्यकता के अनुसार प्रतिभागियों को निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां भी उपलब्ध कराई गईं।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं

शिविर में डॉ. सी.ए. घाटगे, डॉ. योगेश पाण्डेय, डॉ. सरोज आहुजा, शिविर प्रभारी डॉ. संगीता यदु और डॉ. गितेश पटेल सहित चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। स्नातकोत्तर तथा इंटर्नशिप स्तर के विद्यार्थियों ने भी व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

आयोजन में योग विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. योगेश कुमार, डॉ. राघव कुमार वर्मा, डॉ. नवीन कुमार पटेल और डॉ. आशीष धर दीवान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिविर का उद्देश्य विश्वविद्यालय समुदाय को निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूक करना और दैनिक जीवन में योग व आयुर्वेद के उपयोगी सिद्धांतों को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page