Wed. Nov 18th, 2026

छत्तीसगढ़ में नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन का अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू, 9 सूत्रीय मांगों को लेकर 10 मेडिकल कॉलेजों में प्रदर्शन

18 नवंबर से सुबह 10 से शाम 4 बजे तक होगा आंदोलन, मांगें पूरी नहीं होने पर 21 नवंबर को मुख्यमंत्री घेराव की चेतावनी

www.healthbhaskar.com/रायपुर 18 नवम्बर 2026. छत्तीसगढ़ में नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन संघ ने अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत नियमित, संविदा और डेली वेजेस स्टाफ नर्स इस आंदोलन में शामिल होंगे। प्रदेश के सभी 10 मेडिकल कॉलेज परिसरों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक प्रदर्शन किया जाएगा।

संघ की प्रमुख मांगों में वर्ष 2018 में गठित कमेटी की रिपोर्ट को लागू करना, संविदा स्टाफ नर्स, डेली वेजेस स्टाफ और एनएचएम कर्मचारियों का नियमितीकरण तथा नर्सिंग संवर्ग के लिए ग्रेड-पे का आदेश जारी करना शामिल है।

संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, रायपुर और राजनांदगांव के प्रतिनिधियों ने आंदोलन की सूचना स्वास्थ्य मंत्री को दोबारा दी है। इसके अलावा आयुक्त चिकित्सा शिक्षा कार्यालय को भी अनिश्चितकालीन आंदोलन के संबंध में अवगत कराया गया है। अधिकारियों की ओर से बताया गया कि वर्ष 2018 की कमेटी की रिपोर्ट की अनुशंसाओं पर कार्यवाही जारी है, लेकिन संघ के पदाधिकारी इस आश्वासन से संतुष्ट नहीं हैं।

इसी के चलते 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया गया है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि आंदोलन के शुरुआती 2 से 3 दिनों के भीतर ग्रेड-पे जारी करने का आदेश नहीं आता है, तो 21 नवंबर को नर्सिंग संवर्ग के कर्मचारी नया रायपुर स्थित धरना प्रदर्शन स्थल पर एकत्रित होंगे।

संघ के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के घेराव की भी घोषणा की है। पदाधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से लंबित मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने के कारण कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। अब देखना होगा कि सरकार और नर्सिंग संगठनों के बीच बातचीत से कोई समाधान निकलता है या आंदोलन आगे और व्यापक रूप लेता है।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page