Wed. Nov 4th, 2026

अमित शाह ने किया आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल का लोकार्पण, रायपुर में अब मिलेंगी विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं

www.healthbhaskar.com/रायपुर 03 नवम्बर 2026. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को रायपुर के देवेंद्र नगर, पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव भी विशेष रूप से मौजूद रहे। 300 बेड वाले इस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के शुरू होने से छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत के मरीजों को आधुनिक और उन्नत चिकित्सा सुविधाएं अपने ही शहर में मिल सकेंगी।

लोकार्पण समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा विधायक पुरंदर मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आर्टेमिस हॉस्पिटल्स एवं अपोलो टायर्स लिमिटेड के चेयरमैन ओंकार एस. कंवर, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. देवलीना चक्रवर्ती और अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. कमलेश अग्रवाल सहित वरिष्ठ चिकित्सक एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

एक ही छत के नीचे मिलेंगी कई विशेषज्ञ सेवाएं

आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल में हृदय रोग, कैंसर, न्यूरोसाइंस, हड्डी एवं जोड़ रोग, किडनी, यूरोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और क्रिटिकल केयर जैसी प्रमुख चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी। अस्पताल में 11 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 30 से अधिक चिकित्सा एवं सर्जिकल विशेषज्ञताओं के माध्यम से उपचार की व्यवस्था की गई है।

यहां आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, अत्याधुनिक आईसीयू, उन्नत इमेजिंग एवं डायग्नोस्टिक सुविधाओं के साथ 24 घंटे इमरजेंसी और ट्रॉमा सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी।

अब इलाज के लिए दूसरे शहरों का नहीं करना पड़ेगा रुख

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, अब तक छत्तीसगढ़ के कई मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दिल्ली, गुरुग्राम और अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल शुरू होने से मरीजों को अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों, आधुनिक तकनीक और उन्नत उपचार प्रक्रियाओं का लाभ रायपुर में ही मिल सकेगा।

चेयरमैन ओंकार एस. कंवर ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य प्रत्येक मरीज को संवेदनशीलता के साथ विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। वहीं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. देवलीना चक्रवर्ती ने कहा कि अस्पताल के माध्यम से मध्य भारत में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों की यात्रा न करनी पड़े।

डायरेक्टर डॉ. कमलेश अग्रवाल ने इसे रायपुर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि अस्पताल चिकित्सा गुणवत्ता, मरीजों की सुरक्षा और बेहतर उपचार के नए मानक स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

दिल्ली-एनसीआर के बाहर आर्टेमिस का पहला विस्तार

रिबन काटकर अस्पताल का औपचारिक उद्घाटन किया गया और लोकार्पण पट्टिका का अनावरण किया गया। इसके बाद अतिथियों ने अस्पताल की आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया।

वर्ष 2007 में स्थापित गुरुग्राम स्थित आर्टेमिस हॉस्पिटल्स 750 से अधिक बेड और 40 से ज्यादा चिकित्सा विशेषज्ञताओं के लिए जाना जाता है। रायपुर में आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल की शुरुआत के साथ समूह ने पहली बार दिल्ली-एनसीआर से बाहर अपनी सेवाओं का विस्तार किया है। इससे छत्तीसगढ़ और आसपास के राज्यों के मरीजों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page