Sun. Nov 15th, 2026

मनेंद्रगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगी नई रफ्तार, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सिविल अस्पताल और मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण

www.healthbhaskar.com/रायपुर 14 नवम्बर 2026.  छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्याम बिहारी जायसवाल मंगलवार को जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। मंत्री ने 220 बिस्तर वाले सिविल अस्पताल और परसगढ़ी में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री जायसवाल ने सिविल अस्पताल में उपलब्ध व्यवस्थाओं और चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली। इसके बाद वे परसगढ़ी स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां अधिकारियों, इंजीनियरों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से अब तक पूर्ण हुए कार्यों, शेष निर्माण कार्यों तथा निर्धारित समय-सीमा के संबंध में विस्तार से चर्चा की।

मंत्री ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप किए जाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग और विभागीय समन्वय के माध्यम से निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

मेडिकल कॉलेज से चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि परसगढ़ी में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज केवल भवन निर्माण की परियोजना नहीं, बल्कि पूरे मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के लिए स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। मेडिकल कॉलेज शुरू होने से विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। वहीं क्षेत्र के नागरिकों को उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। इससे गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भरता भी कम होगी।

गुणवत्ता और समय-सीमा पर रहेगी विशेष नजर

मंत्री जायसवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की लगातार समीक्षा की जाए। तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्याओं का तत्काल समाधान कर कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने दोहराया कि सरकार मनेंद्रगढ़ क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और उन्हें बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा होगी और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान सीजीएमएससी छत्तीसगढ़ के एमडी रितेश अग्रवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी, विभागीय अधिकारी, इंजीनियर एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page