धमतरी में पल्स पोलियो अभियान तेज, दूसरे दिन 5,006 बच्चों को पिलाई गई पोलियो रोधी दवा
www.healthbhaskar.com रायपुर 01 जुलाई 2026 . देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के संकल्प के साथ धमतरी जिले में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। अभियान के दूसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घर-घर पहुंचकर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई। इस दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ ईंट-भट्टों, झुग्गी-झोपड़ियों और निर्माण स्थलों पर रहने वाले बच्चों को भी अभियान से जोड़ा गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दूसरे दिन जिले में 5,006 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई गई। अभियान के तहत 1.29 लाख से अधिक घरों का सघन भ्रमण किया गया। विकासखंडवार देखें तो नगरी में 36,254, कुरूद में 26,225, धमतरी शहर में 25,612, मगरलोड में 22,355 तथा गुजरा विकासखंड में 19,335 घरों तक स्वास्थ्य टीमों ने पहुंचकर पात्र बच्चों को दवा पिलाई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) ने बताया कि अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों की टीम पूरी सक्रियता से कार्य कर रही है। विशेष रूप से ईंट-भट्टों, मलिन बस्तियों और अन्य उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रवासी एवं श्रमिक परिवारों का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि यदि किसी कारण से 0 से 5 वर्ष आयु का कोई बच्चा पोलियो रोधी दवा पीने से छूट गया है, तो वे तत्काल अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र, मितानिन या आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क कर बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। विभाग ने कहा कि नियमित टीकाकरण के साथ पल्स पोलियो की खुराक बच्चों को इस गंभीर और आजीवन अपंगता का कारण बनने वाली बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए बेहद आवश्यक है।
