Mon. Oct 26th, 2026

अंगदान के महादान का संदेश लेकर सड़कों पर उतरे 3500 से अधिक लोग

www.healthbhaskar.com/रायपुर 25 अक्टूबर 2026. अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से आईएलएस हॉस्पिटल, रायपुर की ओर से रविवार को मरीन ड्राइव में ‘ILS Walkathon 2.0’ का आयोजन किया गया।

‘चलो साथ चलें, जीवन के लिए चलें’ थीम पर आयोजित इस वॉकथॉन में 3500 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। वहीं, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के माध्यम से 8000 से अधिक लोगों ने अभियान के प्रति अपना समर्थन जताया।

वॉकथॉन में शहर के गणमान्य नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, स्वास्थ्यकर्मियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में अंगदान के महत्व से जुड़े बैनर और तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम का उद्देश्य अंगदान के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के साथ जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन देने के लिए लोगों को प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान, विशेष अतिथि पद्मश्री अनुज शर्मा, डीजीपी राजीव श्रीवास्तव, सहायक पुलिस महानिरीक्षक (यातायात) संजय शर्मा, आईएलएस हॉस्पिटल ग्रुप के ग्रुप सीओओ डॉ. विशाल गोयल और सीओओ डॉ. सौरभ चोरड़िया सहित अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर किया। अतिथियों ने अंगदान के महत्व पर विचार रखते हुए लोगों से इस जनहितकारी अभियान से जुड़ने और युवाओं से अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

चिकित्सकों ने भी दिया जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम में आईएलएस हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इनमें रीनल साइंस एवं ट्रांसप्लांट फिजिशियन के क्लिनिकल लीड डॉ. प्रवाश चौधरी, यूरोलॉजिस्ट एवं ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. हर्ष जैन, कंसल्टेंट गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. हनीश शर्मा, पैंक्रियाटिक सर्जरी एवं लिवर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. हितेश दुबे और कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. कुणाल ओस्तवाल शामिल रहे। चिकित्सकों ने प्रतिभागियों के साथ पैदल चलकर अंगदान के महत्व का संदेश दिया।

लकी ड्रॉ में मिले आकर्षक उपहार

वॉकथॉन के समापन पर प्रतिभागियों के लिए लकी ड्रॉ का आयोजन किया गया। इसके विजेताओं को ईवी स्कूटर, टैबलेट और अन्य उपहार प्रदान किए गए। आईएलएस हॉस्पिटल रायपुर के मार्केटिंग हेड सतनाम सिंह ने आयोजन को सफल बनाने के लिए अतिथियों, प्रतिभागियों, मीडिया प्रतिनिधियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अस्पताल की ओर से भविष्य में भी ऐसे जागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे, ताकि अंगदान के प्रति लोगों की भागीदारी बढ़े और समाज को स्वस्थ व जागरूक बनाया जा सके।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page