Tue. Jun 23rd, 2026

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आईटीबीपी की 38वीं वाहिनी ने किया योगाभ्यास, मूंजमेटा समेत सभी सीओबी में लगे शिविर

www.healthbhaskar.com नारायणपुर जून 2026 . अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 38वीं वाहिनी द्वारा सामरिक मुख्यालय मूंजमेटा सहित अधीनस्थ सभी कंपनी ऑपरेटिंग बेस (सीओबी) में योग शिविरों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।

योग शिविर का आयोजन मूंजमेटा के साथ-साथ एडजुम, आदेर, ईदवाया, कुमडेल और जाटलूर स्थित सीओबी में भी किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत योग प्रशिक्षकों द्वारा योग के महत्व और उसके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देने के साथ हुई। इसके बाद प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया।

प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, तनाव कम होता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने सभी जवानों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया ने अपनाया है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मविश्वास को भी मजबूत करता है।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों एवं जवानों ने स्वस्थ, निरोग और तनावमुक्त जीवन के लिए नियमित योगाभ्यास करने का सामूहिक संकल्प लिया। आईटीबीपी की 38वीं वाहिनी द्वारा आयोजित इस पहल ने जवानों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और योग के महत्व को और अधिक मजबूत किया।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page