Thu. Oct 1st, 2026

प्रदेश में 45 डॉक्टरों की नियुक्ति, अस्पतालों में बढ़ेगी इलाज की क्षमता

www.healthbhaskar.com/रायपुर  30 सितम्बर 2026. प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 45 चिकित्सकों की नियुक्ति की है। इन डॉक्टरों की पदस्थापना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिविल अस्पताल और जिला अस्पताल स्तर की फर्स्ट रेफरल यूनिट (FRU) में की गई है। इससे इन स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकीय मानव संसाधन बढ़ने के साथ मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देशन में की गई इन नियुक्तियों से एफआरयू स्तर के अस्पतालों की सेवा क्षमता बढ़ेगी। डॉक्टरों की उपलब्धता होने से मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श और उपचार के लिए दूर के अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी। गंभीर और आपातकालीन मामलों में समय पर चिकित्सकीय आकलन, उपचार और जरूरत के अनुसार रेफरल की व्यवस्था भी मजबूत होगी।

एफआरयू स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। यहां स्थानीय स्तर पर आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ गंभीर मरीजों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाता है। नए डॉक्टरों की पदस्थापना से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के अलावा आपातकालीन चिकित्सा और रेफरल सेवाओं के संचालन में भी मदद मिलेगी।

इन नियुक्तियों का विशेष लाभ ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मिलने की उम्मीद है। स्थानीय स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से मरीजों को आवश्यक उपचार के लिए अनावश्यक रूप से लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। वहीं, गंभीर मरीजों को जरूरत पड़ने पर समय पर उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था भी बेहतर होगी।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, प्रदेश में स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। 45 चिकित्सकों की नियुक्ति इसी दिशा में की गई पहल है।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page