जूनियर डॉक्टरों की स्वास्थ्य मंत्री से बैठक, वेतन और बॉन्ड समेत कई मांगों पर बनी सहमति
www.healthbhaskar.com/रायपुर 28 सितम्बर 2026. छत्तीसगढ़ में चल रहे जूनियर डॉक्टरों के आंदोलन के बीच राज्यव्यापी जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात की। विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के अध्यक्षों की मौजूदगी में हुई बैठक में आंदोलन से जुड़ी लंबित मांगों पर चर्चा की गई। एसोसिएशन के अनुसार बैठक में कई मांगों पर सहमति और आश्वासन मिला है।
पीजी मेडिकल ऑफिसर्स का वेतन 95 हजार प्रस्तावित
एसोसिएशन के मुताबिक, अनुबंधित पोस्टग्रेजुएट मेडिकल ऑफिसर्स और सीनियर रेसिडेंट का वेतन पीजी तृतीय वर्ष के वेतन से अधिक सुनिश्चित करने पर सहमति बनी है। इसके लिए 95 हजार रुपये वेतन प्रस्तावित किया गया है।
उच्च शिक्षा के लिए बंधक राशि खत्म करने का आश्वासन
उच्च शिक्षा में प्रवेश के लिए वर्तमान में आवश्यक बंधक राशि को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय की बात कही गई है। स्नातक स्तर पर 25 लाख और स्नातकोत्तर स्तर पर 50 लाख रुपये की बंधक राशि भविष्य में आवश्यक नहीं होगी। एसोसिएशन के अनुसार, उच्च शिक्षा के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) केवल हलफनामे या शपथ पत्र के आधार पर जारी किया जाएगा।
बॉन्ड तोड़ने की राशि में होगी कमी
अनुबंधित सेवा समाप्त करने पर लगने वाली राशि को भी कम करने का आश्वासन दिया गया है। वर्तमान में स्नातक के लिए 25 लाख और स्नातकोत्तर के लिए 50 लाख रुपये की राशि निर्धारित थी। इसे घटाकर क्रमशः 10 लाख और 20 लाख रुपये किए जाने की बात कही गई है।
नियमित पद भरने पर यूजी बॉन्ड खत्म करने का आश्वासन
अनुबंधित सेवा की अवधि कम करने की मांग पर भी चर्चा हुई। एसोसिएशन के अनुसार, वर्तमान में स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर दो-दो वर्ष की सेवा अवधि है। स्वास्थ्य मंत्री ने आश्वासन दिया कि नियमित चिकित्सा अधिकारियों के पद भरने के बाद स्नातक स्तर का बॉन्ड पूरी तरह समाप्त किया जाएगा।
स्नातकोत्तर अनुबंधित सेवा की अवधि को लेकर जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन से नया प्रस्ताव मांगा गया है। इसमें बॉन्ड की अवधि कम करने से होने वाले संभावित लाभ और जोखिमों को शामिल करने के लिए कहा गया है।
सुपर स्पेशलिटी कैडर के गठन पर भी आश्वासन
बैठक में सुपर स्पेशलिटी कैडर के गठन का मुद्दा भी उठाया गया। एसोसिएशन के अनुसार, स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री के साथ इस विषय पर जल्द चर्चा करने और नया सुपर स्पेशलिटी कैडर गठित करने का आश्वासन दिया है।
