Tue. Sep 29th, 2026

विश्व हृदय दिवस पर संगोष्ठी, दिल को स्वस्थ रखने के बताए उपाय

www.healthbhaskar.com/रायपुर  29 सितम्बर 2026. विश्व हृदय दिवस के अवसर पर उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल में हृदय रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जिनेश जैन ने हृदय को स्वस्थ रखने और हार्ट अटैक से बचाव के उपायों की जानकारी दी।

डॉ. जैन ने कहा कि बदलती जीवनशैली, असंतुलित खान-पान, तनाव और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण हृदय रोगों का खतरा बढ़ रहा है। अब कम उम्र के लोगों में भी हृदय संबंधी समस्याएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि हृदय रोगों के कुछ लक्षण सामान्य लग सकते हैं, लेकिन उन्हें नजरअंदाज करना गंभीर साबित हो सकता है। इसलिए नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर चिकित्सकीय परामर्श जरूरी है।

दिल की सेहत के लिए 10 जरूरी उपाय

डॉ. जैन ने स्वस्थ हृदय के लिए रोजाना कम से कम 30 मिनट पैदल चलने या व्यायाम करने, संतुलित आहार लेने और तले-भुने खाद्य पदार्थों से परहेज करने की सलाह दी। उन्होंने धूम्रपान से बचने, शराब का सेवन न करने, वजन नियंत्रित रखने और नियमित रूप से ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर व कोलेस्ट्रॉल की जांच कराने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि तनाव कम करने के लिए योग और ध्यान के साथ पर्याप्त नींद लेना भी जरूरी है। कोल्ड ड्रिंक के बजाय पानी पीने और लिफ्ट की जगह सीढ़ियों का उपयोग कर शारीरिक गतिविधियां बढ़ाने की सलाह दी गई। छाती में दर्द, सांस फूलने या असामान्य घबराहट जैसे लक्षण होने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने को कहा गया।
कार्यक्रम में हॉस्पिटल की डायरेक्टर नम्रता सिंह, मेडिकल डायरेक्टर विनोद सिंह, सीओओ कृष्णा दुबे, पैरामेडिकल टीम के सदस्य और भाठागांव के स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page