नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन का ऐलान: 18 नवंबर से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन आंदोलन
ग्रेड पे के प्रस्ताव को लागू करने की मांग, मेडिकल कॉलेजों में 2 घंटे का सांकेतिक प्रदर्शन
www.healthbhaskar.com/रायपुर 28 सितम्बर 2026. नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ ने ग्रेड पे वेतनमान से जुड़े प्रस्ताव को लागू करने की मांग को लेकर 18 नवंबर से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। संगठन का कहना है कि एक सूत्रीय मांग को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक शासन स्तर पर मांग को लेकर कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
इसी क्रम में 28 सितंबर को कोरबा, अंबिकापुर और महासमुंद मेडिकल कॉलेज से संबद्ध चिकित्सालयों के नर्सिंग संवर्ग ने चिकित्सालय परिसर में दो घंटे का सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के अनुसार 29 सितंबर को भी दो घंटे का प्रदर्शन किया जाएगा। इससे पहले डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय परिसर में 9, 10 और 11 सितंबर को नर्सिंग संवर्ग द्वारा सांकेतिक प्रदर्शन किया गया था।
अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी प्रदर्शन की तैयारी
संगठन ने बताया कि आने वाले सप्ताह में जगदलपुर, कांकेर और राजनांदगांव मेडिकल कॉलेजों में भी दो घंटे का सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन का कहना है कि प्रदेश के नियमित, संविदा और डेली वेजेस नर्सिंग कर्मचारियों में मांग को लेकर नाराजगी है।
संगठन के मुताबिक, यदि दीपावली से पहले ग्रेड पे वेतनमान से संबंधित प्रस्ताव लागू नहीं किया गया, तो 18 नवंबर से प्रदेश के सभी 10 मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत नर्सिंग संवर्ग अनिश्चितकालीन आंदोलन में शामिल होगा।
50 दिन पहले दी जाएगी आंदोलन की सूचना
एसोसिएशन ने बताया कि अनिश्चितकालीन आंदोलन की पूर्व सूचना देने के लिए स्कूटी रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने की अनुमति मांगी गई है। संगठन का दावा है कि 50 दिन पहले आंदोलन की सूचना देने की प्रक्रिया के तहत यह कदम उठाया जा रहा है।
2018 के आंदोलन का भी दिया हवाला
नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन ने वर्ष 2018 में हुए 18 दिवसीय प्रदेशस्तरीय आंदोलन का भी उल्लेख किया। संगठन के अनुसार उस आंदोलन के दौरान दो दिनों तक नर्सिंग कर्मचारियों को जेल में रखा गया था। संघ का दावा है कि उस समय मांगों को लेकर शासन स्तर पर अनुशंसा की गई थी, लेकिन जून 2021 में उसे अमान्य कर दिया गया।
संगठन ने पीजी स्टूडेंट्स के स्टाइपेंड में वर्ष 2019, 2023 और 2026 में वृद्धि के आदेश जारी होने का हवाला देते हुए नर्सिंग संवर्ग के ग्रेड पे प्रस्ताव को भी लागू करने की मांग दोहराई है। नर्सिंग कर्मचारी स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और वे अपनी मांग के समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।
