Thu. Jun 11th, 2026

एचआईवी जागरूकता बढ़ाने सभी विभागों ने जताई सक्रिय सहभागिता

healthbhaskar.com रायपुर, 11 जून 2026। छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा स्वास्थ्य भवन रायपुर में एचआईवी/एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम 2017 के प्रभावी क्रियान्वयन और एचआईवी जागरूकता गतिविधियों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के अधिकारियों की संयुक्त कार्यदल बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन के कई विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर एचआईवी/एड्स नियंत्रण एवं जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया।

आयुक्त सह परियोजना संचालक एवं अतिरिक्त परियोजना संचालक डॉ. खेमराज सोनवानी के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में प्रभारी संयुक्त संचालक (आईईसी) ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से एचआईवी/एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम 2017 के प्रमुख प्रावधानों, विभागीय जिम्मेदारियों और कार्ययोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एचआईवी के प्रति जागरूकता बढ़ाने, भेदभाव समाप्त करने तथा प्रभावित व्यक्तियों को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने में सभी विभागों की भागीदारी आवश्यक है।

बैठक में विभागीय स्तर पर एचआईवी नीति के क्रियान्वयन, शिकायत निवारण अधिकारियों की नियुक्ति तथा एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के अधिकारों के संरक्षण से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी विभागों से अधिनियम के अनुरूप शिकायत निवारण अधिकारियों का नामांकन सुनिश्चित करने का आग्रह भी किया गया।

युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के लिए युवा मैराथन, जनजागरूकता अभियान और सामुदायिक गतिविधियों के आयोजन पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही कार्यालयों एवं संस्थानों में सूचना-शिक्षा-संचार (आईईसी) सामग्री प्रदर्शित करने, नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने, गतिविधियों की समयबद्ध रिपोर्टिंग तथा एचआईवी प्रभावित व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग की अपील की गई। ‘ब्रेक फ्री इंडिया’ अभियान और टोल फ्री हेल्पलाइन 1097 के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी चर्चा हुई।

बैठक में सामाजिक कल्याण, महिला एवं बाल विकास, परिवहन, पुलिस, शिक्षा, खेल एवं युवा कल्याण, एनएसएस, एनसीसी, एनवाईकेएस, एनएचएआई, एसईसीएल सहित अनेक विभागों और संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा एचआईवी/एड्स जागरूकता, रोकथाम और नियंत्रण कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने के लिए राज्य एड्स नियंत्रण समिति के साथ समन्वित रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

You cannot copy content of this page