Thu. Jun 11th, 2026

स्वास्थ्य विभाग में दोहरे मापदंड? आमासिवनी में पदस्थ डॉक्टर को सौंपा गुढ़ियारी का प्रभार

healthbhaskar.com/ रायपुर 11 जून 2026 । स्वास्थ्य विभाग के आदेश के बाद विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जारी आदेश के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आमासिवनी में पदस्थ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंकित खण्डेलवाल को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुढ़ियारी का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार डॉ. खण्डेलवाल की मूल पदस्थापना आमासिवनी में है, जबकि उन्हें पहले से गुढ़ियारी स्वास्थ्य केंद्र में संबद्ध (अटैच) कर कार्य कराया जा रहा था। अब उन्हें गुढ़ियारी का प्रभार भी सौंप दिया गया है।

इस निर्णय के बाद स्वास्थ्य विभाग के भीतर चर्चा शुरू हो गई है।
कर्मचारियों का कहना है कि प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य मंत्री समय-समय पर विभागों में अटैचमेंट व्यवस्था समाप्त करने और अधिकारियों-कर्मचारियों को मूल पदस्थापना स्थल पर कार्य करने के निर्देश देते रहे हैं।

इसके बावजूद कुछ मामलों में अटैचमेंट जारी रहने और अतिरिक्त प्रभार दिए जाने से नियमों के समान अनुपालन को लेकर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।

विभागीय में यह भी चर्चा है कि जब अटैचमेंट समाप्त करने की बात की जा रही है, तब मूल पदस्थापना स्थल से अलग स्थान पर पदस्थ अधिकारी को महत्वपूर्ण प्रभार सौंपने के पीछे क्या प्रशासनिक आवश्यकता रही।

हालांकि इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अब देखना होगा कि विभाग इस मामले में स्थिति स्पष्ट करता है या नहीं तथा अटैचमेंट संबंधी नीति का समान रूप से पालन सुनिश्चित किया जाता है।

 

You cannot copy content of this page