मुख्यमंत्री से जूनियर डॉक्टरों की मुलाकात, वेतन वृद्धि और बॉन्ड सेवा समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा
www.healthbhaskar.com/रायपुर 01 अक्टूबर 2026. छत्तीसगढ़ जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर चिकित्सकों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। बैठक में बॉन्डेड अंडरग्रेजुएट एवं पोस्टग्रेजुएट चिकित्सकों के वेतन, उच्च शिक्षा के लिए NOC, अनिवार्य बॉन्ड सेवा और सुपर-स्पेशियलिटी कैडर के गठन जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
बैठक के दौरान एसोसिएशन ने बॉन्डेड यूजी और पीजी चिकित्सकों के वेतन में वृद्धि की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि चिकित्सकों की जिम्मेदारियों और कार्य परिस्थितियों को देखते हुए वेतन में आवश्यक सुधार किया जाना चाहिए।
इसके साथ ही उच्च शिक्षा के लिए NOC प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल बनाने का विषय भी उठाया गया। एसोसिएशन ने मॉर्गेज की अनिवार्यता समाप्त कर केवल शपथ-पत्र (Affidavit) के आधार पर NOC जारी करने की व्यवस्था लागू करने की मांग रखी।
बॉन्डेड सेवा और सुपर-स्पेशियलिटी कैडर पर भी चर्चा
बैठक में चिकित्सकों के लिए अनिवार्य बॉन्डेड सेवा को समाप्त करने अथवा इसकी अवधि कम करने के प्रस्ताव पर भी विस्तार से चर्चा हुई। वहीं, चिकित्सकों को बेहतर कैरियर अवसर उपलब्ध कराने और प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के विस्तार के लिए सुपर-स्पेशियलिटी कैडर के गठन का मुद्दा भी प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के अनुसार, मुख्यमंत्री ने सभी विषयों पर गंभीरता से चर्चा करते हुए इन मांगों पर शीघ्र और ठोस कार्रवाई के लिए सकारात्मक सहमति जताई है।
एसोसिएशन ने बैठक को चिकित्सक समुदाय के हितों से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक संवाद की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि चर्चा के परिणामस्वरूप जल्द ही चिकित्सकों के हित में प्रभावी निर्णय लिए जाएंगे।
