Thu. Oct 1st, 2026

चिरायु योजना से 12 वर्षीय तरुणा को मिला नया जीवन

www.healthbhaskar.com/रायपुर  30 सितम्बर 2026. महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड की 12 वर्षीय तरुणा यादव के लिए चिरायु योजना जीवन में नई उम्मीद लेकर आई। जन्मजात हृदय रोग के कारण उसे बचपन से ही खेलने-कूदने, दौड़ने और सीढ़ियां चढ़ने में परेशानी होती थी। स्कूल में स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान चिरायु दल ने उसकी समस्या की पहचान की, जिसके बाद रायपुर के एमएमआई नारायणा हृदयालय अस्पताल में उसका निःशुल्क हृदय ऑपरेशन कराया गया।

तरुणा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भानपुर की कक्षा 7वीं की छात्रा है। परिवार उसकी परेशानी को सामान्य कमजोरी समझता रहा। स्कूल में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पहुंचे चिरायु दल ने जांच और चिकित्सकीय परामर्श के दौरान उसके जन्मजात हृदय रोग का पता लगाया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने उपचार की प्रक्रिया शुरू कर उसे रायपुर रेफर किया।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आवश्यक जांच के बाद तरुणा की हृदय शल्य चिकित्सा की। शासकीय स्वास्थ्य व्यवस्था के माध्यम से हुए निःशुल्क उपचार से परिवार पर इलाज का आर्थिक बोझ नहीं पड़ा। ऑपरेशन के बाद तरुणा के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है और अब वह सामान्य गतिविधियों में पहले की तुलना में आसानी से भाग ले पा रही है।

परिजनों ने बीमारी की समय पर पहचान और निःशुल्क उपचार के लिए चिरायु दल एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार जताया। तरुणा के उपचार में चिरायु दल के आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास कुमार चौहान, डॉ. सुजाता शुक्ला, फार्मासिस्ट सुरेखा साहू और आरएचओ विशाखा साहू ने योगदान दिया।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page