Thu. Sep 17th, 2026

विविध थाली, पर्याप्त प्रोटीन से सेहत का संदेश; नारायणपुर में पोषण माह शुरू

www.healthbhaskar.com/नारायणपुर 17 सितम्बर 2026. जिले में 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित अभियान में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, बच्चों, किशोर-किशोरियों और परिवारों को संतुलित आहार, पर्याप्त प्रोटीन, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

आंगनबाड़ी केंद्रों में होगी विविध गतिविधियां

पोषण माह के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों, गांवों और परियोजना स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम होंगे। लोगों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध दाल, चना, राजमा, सोयाबीन, अंडा, दूध-दही और मूंगफली जैसे प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थों के महत्व की जानकारी दी जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों और माताओं के साथ ‘रंग-बिरंगी थाली’ के जरिए भोजन में अलग-अलग खाद्य समूह शामिल करने का संदेश दिया जाएगा।

‘मेरी विविध थाली’ फोटो-वीडियो अभियान, स्थानीय पौष्टिक व्यंजनों की डिजिटल रेसिपी, पोषण मेले और व्यंजन विधि प्रदर्शन भी होंगे।

कुपोषित बच्चों की पहचान और स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ेंगे

अभियान के दौरान कुपोषित बच्चों के पोषण और देखरेख को लेकर जागरूकता सत्र होंगे। बाल संदर्भ शिविरों में बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जाएगा। पात्र हितग्राहियों का प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में पंजीयन और लंबित प्रकरणों का निराकरण भी किया जाएगा।

इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों में ताजा और गरम पके भोजन के महत्व की जानकारी देने के साथ पोषण वाटिका विकसित करने के लिए समुदाय को प्रेरित किया जाएगा।

जनभागीदारी से चलेगा अभियान

ग्राम स्तर पर जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और सहयोगी संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

सोशल मीडिया और अन्य प्रचार माध्यमों से ‘थाली में विविधता, परिवार की सेहत’ जैसे संदेशों का प्रसार किया जाएगा। विभाग ने जिलेवासियों से पोषण माह की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page