आयुष सुरक्षा पोर्टल लॉन्च: अब ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे गुणवत्ता संबंधी शिकायत और भ्रामक विज्ञापनों की जानकारी
www.healthbhaskar.com रायपुर 05/08/2026. आयुष औषधियों की गुणवत्ता, सुरक्षा और प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा विकसित आयुष सुरक्षा पोर्टल आम नागरिकों, आयुष चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए एक महत्वपूर्ण डिजिटल मंच के रूप में उपलब्ध कराया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से आयुष औषधियों से जुड़े प्रतिकूल प्रभावों, गुणवत्ता संबंधी शिकायतों तथा भ्रामक एवं आपत्तिजनक विज्ञापनों की ऑनलाइन रिपोर्टिंग की जा सकेगी।
पोर्टल पर आयुष औषधियों के सेवन के बाद होने वाली किसी भी प्रतिकूल औषधि प्रतिक्रिया (Adverse Drug Reaction), दवाओं की गुणवत्ता से जुड़ी शिकायत या भ्रामक विज्ञापन की जानकारी आसानी से दर्ज की जा सकती है। प्राप्त शिकायतों के आधार पर संबंधित प्राधिकरण आवश्यक जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।
छत्तीसगढ़ शासन के आयुष विभाग ने प्रदेश के नागरिकों, आयुष चिकित्सकों और अन्य हितधारकों से अपील की है कि आयुष औषधियों से संबंधित किसी भी प्रतिकूल प्रभाव, गुणवत्ता संबंधी शिकायत या भ्रामक एवं आपत्तिजनक विज्ञापन की सूचना आयुष सुरक्षा पोर्टल पर अवश्य दर्ज करें। विभाग का कहना है कि यह पहल आयुष औषधियों के सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ आयुष चिकित्सा पद्धतियों के प्रति लोगों का विश्वास भी मजबूत करेगी।
अधिक जानकारी प्राप्त करने और ऑनलाइन शिकायत या फीडबैक दर्ज करने के लिए आयुष सुरक्षा पोर्टल का उपयोग किया जा सकता है।
