Wed. Aug 5th, 2026

एचपीवी टीकाकरण अभियान: सरगुजा के स्कूलों में छात्राओं को किया गया जागरूक

www.healthbhaskar.com रायपुर 05/08/2026. राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत सरगुजा जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य छात्राओं को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम तथा एचपीवी टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के तहत दशमेश पब्लिक स्कूल की 60, कार्मेल स्कूल की 125 तथा होली क्रॉस स्कूल की 310 छात्राओं ने भाग लिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं को बताया कि एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव का सुरक्षित और प्रभावी माध्यम है। समय पर टीकाकरण कराने से इस गंभीर बीमारी के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

विशेषज्ञों ने टीकाकरण के लाभ, आवश्यक सावधानियों और इससे जुड़ी भ्रांतियों पर विस्तार से जानकारी दी। छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें अपने अभिभावकों और परिवार के अन्य सदस्यों को भी एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले की सभी पात्र छात्राओं और उनके अभिभावकों से अपील की कि वे राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और निर्धारित समय पर टीका लगवाकर सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में सहयोग करें।

कार्यक्रम के सफल संचालन में संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों के साथ स्वास्थ्य विभाग की शहरी कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. सीमा तिग्गा, डॉ. चंदन केशरी, डॉ. साधना मिश्रा (आरबीएसके टीम-ए), शहरी सुपरवाइजर धनेश प्रताप सिंह तथा हिमालय फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page