Sat. Jul 11th, 2026

सूरजपुर के कोल्हुआ में 398 ग्रामीणों का हुआ नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

www.healthbhaskar.com रायपुर 11 जुलाई 2026 . छत्तीसगढ़ शासन की जनस्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने की पहल के तहत वर्षा ऋतु में फैलने वाली मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड के ग्राम पंचायत कोल्हुआ में आयोजित वृहद स्वास्थ्य शिविर में 398 ग्रामीणों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया।

शिविर में मौसमी बीमारियों से पीड़ित 100 से अधिक मरीजों की जांच कर उनका उपचार किया गया। इसके अलावा करीब 40 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि 50 से अधिक लोगों की उच्च रक्तचाप (बीपी) और मधुमेह (शुगर) की जांच की गई। जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं और आवश्यकतानुसार रक्त के नमूने भी जांच के लिए लिए गए।

टीबी, मलेरिया और कुष्ठ रोग की भी हुई स्क्रीनिंग

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर के दौरान मलेरिया, क्षय रोग (टीबी), कुष्ठ रोग और त्वचा संबंधी बीमारियों की भी स्क्रीनिंग की। ग्रामीणों को स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, संतुलित आहार, नशा मुक्ति और वर्षा ऋतु में संक्रमणजनित बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।

झाड़-फूंक नहीं, तुरंत अस्पताल पहुंचने की सलाह

शिविर में मौजूद स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने ग्रामीणों से अपील की कि सांप, बिच्छू या अन्य विषैले जीव-जंतुओं के काटने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपचार पर भरोसा न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत निकटतम शासकीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर उपचार कराना ही सुरक्षित और वैज्ञानिक उपाय है।

गांव के पास ही मिल रही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित इन विशेष स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य लोगों को उनके गांव के निकट ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, बीमारियों की समय पर पहचान करना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। विभाग ने बताया कि वर्षा ऋतु के दौरान ऐसे स्वास्थ्य शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि मौसमी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page