वन महोत्सव 2026: स्वास्थ्य मंत्री ने मेडिकल कॉलेज परिसर में किया पौधरोपण, इसी वर्ष शुरू होगा एमसीबी मेडिकल कॉलेज
www.healthbhaskar.com रायपुर 11 जुलाई 2026 . एमसीबी जिले के परसगढ़ी स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में शुक्रवार को वन महोत्सव-2026 के तहत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस चेक वितरित किए और “तुहर पौधा तुहर द्वार” योजना के तहत पौधों के निःशुल्क वितरण के लिए विशेष वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने चंदन, मौलश्री, अशोक और आंवला सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इसी वर्ष शुरू होगा मेडिकल कॉलेज
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि परसगढ़ी में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का संचालन इसी वर्ष शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह मेडिकल कॉलेज एमसीबी जिले के साथ-साथ सरगुजा संभाग, छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों और मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्यार्थियों एवं मरीजों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा।
उन्होंने बताया कि प्राकृतिक हरियाली से घिरा यह परिसर प्रदेश के सबसे आकर्षक मेडिकल कॉलेज परिसरों में शामिल होगा। साथ ही गोंडवाना मरीन फॉसिल्स पार्क और पाराडोल व चिरमिरी रेलवे स्टेशन की निकटता से इसकी कनेक्टिविटी भी बेहतर रहेगी।
16 लाख पौधे लगाए जाएंगे
वनमंडलाधिकारी चंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि वन महोत्सव-2026 के तहत जिले में 16 लाख पौधे रोपित किए जाएंगे। वहीं “तुहर पौधा तुहर द्वार” योजना के माध्यम से 2 लाख पौधे निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि विभाग ने हरित संकल्प अभियान भी शुरू किया है, जिसमें नागरिक पौधारोपण की फोटो विभाग के व्हाट्सएप नंबर पर भेजकर अभियान का हिस्सा बन सकते हैं। बेहतर पौधारोपण और संरक्षण करने वालों को सम्मानित भी किया जाएगा।
तेंदूपत्ता संग्राहकों को मिला बोनस
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने जिले की 11 लघु वनोपज सहकारी समितियों को वर्ष 2023 के तेंदूपत्ता संग्रहण का बोनस चेक वितरित किया। उन्होंने कहा कि इससे तेंदूपत्ता संग्राहकों की आय में वृद्धि होगी और उनका आर्थिक सशक्तिकरण होगा।
जिले में तेजी से हो रहे विकास कार्य
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि जिले में मेडिकल कॉलेज के साथ नर्सिंग कॉलेज, फिजियोथेरेपी कॉलेज, मानसिक रोग अस्पताल, डायलिसिस सेंटर, पॉलीटेक्निक कॉलेज, हॉर्टिकल्चर कॉलेज, नालंदा परिसर, 220 बिस्तरों वाला अस्पताल और हसदेव नदी पर पुल निर्माण जैसे कई महत्वपूर्ण विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। वहीं सिद्धेश्वर मंदिर तक लगभग छह किलोमीटर सड़क निर्माण को भी मंजूरी मिल चुकी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और महतारी वंदन योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं प्रदेश के विकास को नई दिशा दे रही हैं। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
