Sat. Jul 11th, 2026

मेकाहारा के डॉक्टरों ने बचाई तीर से घायल युवक की जान, जटिल सर्जरी कर दिया नया जीवन

www.healthbhaskar.com रायपुर 11 जुलाई 2026 राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) के जनरल सर्जरी विभाग ने एक बेहद जटिल ट्रॉमा केस का सफल इलाज कर एक गंभीर रूप से घायल मरीज की जान बचाई है। गरियाबंद जिले के एक युवक के शरीर में पीठ के रास्ते पेट तक तीर धंस गया था। समय रहते विशेषज्ञ डॉक्टरों ने आपातकालीन सर्जरी कर तीर को सुरक्षित बाहर निकाला और मरीज का जीवन बचाने में सफलता हासिल की।

तीर लगने से गंभीर रूप से घायल था मरीज

जनरल सर्जरी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू सिंह ने बताया कि गरियाबंद निवासी मरीज को गंभीर हालत में मेकाहारा रेफर किया गया था। जांच में पता चला कि तीर पेट के अंदर गहराई तक धंस चुका था, जिससे आंतरिक अंगों को गंभीर क्षति पहुंची थी। मरीज को पेट में छेद (परफोरेशन), आंतरिक रक्तस्राव और संक्रमण का गंभीर खतरा था। ऐसी स्थिति में इलाज में थोड़ी भी देरी जानलेवा साबित हो सकती थी।

बिना देरी के किया गया ऑपरेशन

मरीज के अस्पताल पहुंचते ही जनरल सर्जरी विभाग की टीम ने उसकी स्थिति का तत्काल आकलन कर 2 जुलाई 2026 को आपातकालीन ऑपरेशन का निर्णय लिया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कई घंटे की जटिल सर्जरी के दौरान तीर को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद क्षतिग्रस्त आंतरिक अंगों और ऊतकों की मरम्मत की गई, रक्तस्राव रोका गया तथा पेट के भीतर जमा रक्त और संक्रमित द्रव को साफ कर आवश्यक जीवनरक्षक प्रक्रियाएं पूरी की गईं।

आईसीयू में उपचार जारी, हालत स्थिर

सफल ऑपरेशन के बाद मरीज को पोस्ट-ऑपरेटिव आईसीयू में भर्ती किया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों और प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की निगरानी में उसका उपचार जारी है। अस्पताल के अनुसार मरीज की स्थिति अब स्थिर है और लगातार सुधार हो रहा है। यदि यही स्थिति बनी रही तो जल्द ही उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।

मेकाहारा की विशेषज्ञ टीम ने निभाई अहम भूमिका

इस जटिल ऑपरेशन का नेतृत्व जनरल सर्जरी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू सिंह ने किया। उनके साथ डॉ. सुखलाल निराला, डॉ. मनीष साहू, डॉ. रोशन रत्नाकर तथा एनेस्थीसिया विभाग की डॉ. प्रतिभा जैन साह (एचओडी), डॉ. जया लालवानी और उनकी टीम शामिल रही।

गंभीर ट्रॉमा मरीजों के लिए भरोसेमंद केंद्र बना मेकाहारा

अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने कहा कि मरीज अत्यंत गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचा था, लेकिन सर्जरी विभाग की टीम ने बिना समय गंवाए आपातकालीन ऑपरेशन कर उसकी जान बचाई। उन्होंने कहा कि मेकाहारा में गंभीर ट्रॉमा और आपातकालीन मामलों के उपचार के लिए अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम, अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर और 24 घंटे उपलब्ध आपातकालीन सेवाएं मरीजों को बेहतर इलाज प्रदान कर रही हैं।

यह सफल सर्जरी एक बार फिर साबित करती है कि समय पर निर्णय, विशेषज्ञ चिकित्सकों की कुशलता और टीमवर्क के बल पर सबसे चुनौतीपूर्ण चिकित्सा मामलों में भी मरीजों को नया जीवन दिया जा सकता है।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page