Fri. Jun 12th, 2026

रायपुर में 13 जून को NHM कर्मचारियों का महासम्मेलन, 18 हजार से अधिक कर्मचारी होंगे शामिल

healthbhaskar.com रायपुर, 12 जून 2026 । छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारी संघ द्वारा 13 जून 2026 को राजधानी रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में प्रदेशभर से 18 हजार से अधिक एनएचएम कर्मचारी एवं अधिकारी अपने परिवारों के साथ शामिल होंगे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा तथा स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित कई मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

संघ के पदाधिकारियों के अनुसार महासम्मेलन में प्रदेश के ग्रामीण एवं शहरी उप-स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों, मंत्रालय तथा अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत कर्मचारी एवं अधिकारी भाग लेंगे। आयोजन को लेकर सभी जिलों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं और बड़ी संख्या में कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।

संघ का कहना है कि यह महासम्मेलन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एनएचएम कर्मचारियों की एकजुटता, संगठनात्मक शक्ति और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक होगा। मुख्यमंत्री की उपस्थिति को लेकर कर्मचारियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

हाल ही में संघ के प्रांतीय प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर उन्हें सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। मुख्यमंत्री द्वारा आमंत्रण स्वीकार किए जाने के बाद कर्मचारियों का उत्साह और बढ़ गया है।

संघ के प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने बताया कि महासम्मेलन की लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन एनएचएम कर्मचारियों की एकता, समर्पण और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में उनके योगदान को नई पहचान देने वाला ऐतिहासिक मंच साबित होगा।

You cannot copy content of this page