Sat. Oct 17th, 2026

सेवा संकल्प अभियान के अंतिम दिन रक्तदान शिविर, 10 युवाओं ने किया रक्तदान

www.healthbhaskar.com/रायपुर 17 अक्टूबर 2026.  सेवा संकल्प अभियान के अंतिम दिवस युवाओं में मानव सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कबीरधाम जिले के शासकीय गजानन माधव मुक्तिबोध महाविद्यालय, सहसपुर लोहारा में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिला चिकित्सालय कबीरधाम एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर लोहारा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में 10 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।

शिविर में महाविद्यालय के नौ छात्र-छात्राओं और एक भूतपूर्व छात्र ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए अपना योगदान दिया। इस दौरान छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। साथ ही हीमोग्लोबिन स्तर और रक्त समूह की जांच कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई।

युवाओं को रक्तदान के प्रति किया जागरूक

शिविर का उद्देश्य युवाओं को रक्तदान के महत्व से परिचित कराना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग देना था। कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि स्वैच्छिक रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। युवाओं से रक्तदान के प्रति जागरूक रहने और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे आने की अपील की गई।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, रेडक्रॉस इकाई के स्वयंसेवक तथा स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सकीय टीम उपस्थित रही।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page