मेडिकल इंटर्न्स की समस्याओं पर बैठक, स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर गंभीरता से विचार
www.healthbhaskar.com/रायपुर ,14 अगस्त 2026. चिकित्सा शिक्षा आयुक्त श्री रितेश अग्रवाल की अध्यक्षता में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के प्रतिनिधियों और विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न्स के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में इंटर्न्स की समस्याओं और उनकी मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग
बैठक में इंटर्न्स ने स्टाइपेंड बढ़ाने की प्रमुख मांग रखी। विभाग की ओर से कहा गया कि छात्र हित में सरकार द्वारा हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं। इंटर्न्स की स्टाइपेंड संबंधी मांग पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
मेडिकल कॉलेजों में हॉस्टल होंगे स्वीकृत
बैठक में बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष के बजट में प्रदेश के प्रायः सभी मेडिकल कॉलेजों में छात्र-छात्राओं के लिए हॉस्टल निर्माण को मंजूरी दी गई है। इससे मेडिकल इंटर्न्स और विद्यार्थियों को आवास संबंधी सुविधाओं में राहत मिलने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित नहीं करने की अपील
बैठक के दौरान उपस्थित इंटर्न्स और प्रतिनिधियों से अपील की गई कि स्वास्थ्य सेवाएं सीधे तौर पर जनहित से जुड़ी हैं। इसलिए किसी भी परिस्थिति में अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों की सेवाएं प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
IMA-MSN Chhattisgarh के संयोजक श्री शाहदिल ख़ुसरू ने बैठक को समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण और सकारात्मक पहल बताया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच सकारात्मक वातावरण में चर्चा हुई है और उम्मीद है कि प्रशासन एवं इंटर्न्स के बीच संवाद और सहयोग की भावना आगे भी बनी रहेगी तथा समस्याओं का जल्द संतोषजनक समाधान निकलेगा।
बैठक में पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर, छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान बिलासपुर, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय राजनांदगांव, कांकेर और अंबिकापुर के इंटर्न्स उपस्थित रहे।
