Mon. Sep 28th, 2026

पहाड़ी कोरवा बसाहटों तक पहुंची स्वास्थ्य सेवा, 7 मोबाइल मेडिकल यूनिट दे रहीं घर के नजदीक इलाज

www.healthbhaskar.com/रायपुर  28 सितम्बर 2026. पीएम जनमन कार्यक्रम के तहत सरगुजा जिले की दूरस्थ पहाड़ी कोरवा बसाहटों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाई जा रही है। जिले में संचालित सात मोबाइल मेडिकल यूनिट नियमित रूप से इन क्षेत्रों में पहुंचकर स्वास्थ्य शिविर लगा रही हैं। इन शिविरों में चिकित्सकीय जांच, लैब जांच, उपचार, आवश्यक दवाइयों के वितरण के साथ स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से दूरस्थ इलाकों में रहने वाले पहाड़ी कोरवा परिवारों को सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय करने की जरूरत कम हुई है। प्रत्येक यूनिट में चिकित्सक, स्टाफ नर्स, लैब तकनीशियन और ड्राइवर की टीम शामिल है। टीम शिविर में आने वाले मरीजों की जांच कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार उपचार और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराती है।

जांच से दवा और रेफरल तक सुविधा

शिविरों में चिकित्सकीय जांच के साथ जरूरत के अनुसार लैब जांच भी की जाती है। जांच रिपोर्ट के आधार पर मरीजों को आवश्यक दवाइयां दी जाती हैं और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सलाह प्रदान की जाती है। जिन मरीजों को आगे की जांच या विशेषज्ञ उपचार की आवश्यकता होती है, उन्हें उच्च स्वास्थ्य संस्थानों तक रेफर करने के लिए समन्वय किया जाता है।

मोबाइल मेडिकल यूनिट की टीमें विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में भी सहयोग कर रही हैं। नियमित स्वास्थ्य जांच, उपचार, दवा वितरण, काउंसलिंग और रेफरल के माध्यम से दूरस्थ बसाहटों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है।

पीएम जनमन से बढ़ी स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच

पीएम जनमन कार्यक्रम के तहत विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों की बसाहटों में बुनियादी सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत मोबाइल मेडिकल यूनिट की यह पहल इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। दूरस्थ पहाड़ी कोरवा परिवारों को उनकी बसाहट के नजदीक स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा मिलने से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान हो रही है।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page