Sat. Aug 8th, 2026

हंसी के ठहाकों से गूंजा MATS लॉ स्कूल, छात्रों ने मिमिक्री और स्टैंड-अप कॉमेडी से जीता दिल

www.healthbhaskar.com/ रायपुर 8 अगस्त 2026. छात्रों एवं शिक्षकों के मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने, शैक्षणिक तनाव कम करने और परिसर में सकारात्मक एवं आनंदमय वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से MATS लॉ स्कूल, MATS विश्वविद्यालय, रायपुर में ‘लाफ्टर लाउंज: मिमिक्री एवं स्टैंड-अप कॉमेडी प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी हास्य प्रतिभा और रचनात्मकता से जमकर मनोरंजन किया।

प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने मिमिक्री, स्टैंड-अप कॉमेडी और हास्य प्रस्तुतियों के जरिए अपनी मौलिकता, आत्मविश्वास और बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा अपने प्रिय प्राध्यापकों की हल्के-फुल्के और सम्मानजनक अंदाज में की गई मिमिक्री रही। इन प्रस्तुतियों पर सभागार ठहाकों से गूंज उठा।

आयोजकों ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य विद्यार्थियों के समग्र विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां तनाव कम करने, आत्मविश्वास बढ़ाने, संप्रेषण कौशल विकसित करने और विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ‘लाफ्टर लाउंज’ भी विद्यार्थियों को खुलकर अभिव्यक्त होने और सकारात्मक ऊर्जा हासिल करने का मंच बना।

प्रतियोगिता के विजेता

प्रतियोगिता में सिदाक लांबा ने प्रथम स्थान हासिल किया। अपूर्व विजुरेजा (फॉरेंसिक विभाग) द्वितीय स्थान पर रहे। वहीं विल्सिमोन कैर्यू, फ्लोरेंस महलातिनी और अमर कुमार ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन MATS लॉ स्कूल की विभागाध्यक्ष डॉ. प्याली चटर्जी के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा में किया गया। कार्यक्रम का समन्वयन सुश्री ऐश्वर्या आर.एल. सोनी, सहायक प्राध्यापक तथा डॉ. बिजया कुमार बेहरा, सहायक प्राध्यापक ने किया।

कार्यक्रम का समापन हंसी, उत्साह और उल्लास के माहौल में हुआ। आयोजन ने यह संदेश दिया कि MATS लॉ स्कूल गुणवत्तापूर्ण विधि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक विकास को भी समान महत्व देता है।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page