Sat. Sep 12th, 2026

मुख्यमंत्री की संवेदनशील पहल से शशिकांत को मिला इलाज का सहारा, एम्स रायपुर में भर्ती

www.healthbhaskar.com/रायपुर  12 सितम्बर 2026. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की संवेदनशील पहल से धमतरी जिले के ग्राम देवपुर निवासी 29 वर्षीय शशिकांत भरत को बेहतर उपचार की उम्मीद मिली है। सोशल मीडिया के माध्यम से शशिकांत की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए उनसे फोन पर बातचीत की और उनका हालचाल जाना।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए शशिकांत को 9 सितंबर की शाम अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर में भर्ती कराया। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। मुख्यमंत्री ने शशिकांत के इलाज के लिए 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी स्वीकृत की है।

2016 के हादसे के बाद प्रभावित हुई जिंदगी

शशिकांत वर्ष 2016 में हुए एक सड़क हादसे के बाद से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं और वे करीब 50 दिनों तक कोमा में रहे। हादसे के बाद सर्वाइकल संबंधी समस्या के कारण उनके हाथ-पैरों की कार्यक्षमता प्रभावित हो गई। लंबे समय तक अलग-अलग अस्पतालों में उपचार कराने के बावजूद उनकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका।

अब एम्स रायपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उपचार शुरू होने से शशिकांत और उनके परिवार को नई उम्मीद मिली है।

मुख्यमंत्री का जताया आभार

मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं फोन कर हालचाल पूछने और तत्काल उपचार की व्यवस्था कराने पर शशिकांत ने उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की पहल से एम्स में इलाज की सुविधा मिलने के साथ आर्थिक सहायता भी मिली है, जो उनके और उनके परिवार के लिए बड़े संबल के रूप में सामने आई है।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page