युवा चिकित्सकों की समस्याओं को लेकर JDA ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू को सौंपा ज्ञापन
www.healthbhaskar.com बिलासपुर 21/06/2026 . जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) छत्तीसगढ़ के नेतृत्व में JDA CIMS बिलासपुर के प्रतिनिधिमंडल ने भारत सरकार के केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री तोखन साहू से सौजन्य भेंट कर प्रदेश के युवा चिकित्सकों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों और समस्याओं के संबंध में विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में डॉ. नागेंद्र साहू (प्रेसिडेंट, JDA CIMS बिलासपुर), डॉ. योगेश्वर जायसवाल सहित अन्य युवा चिकित्सक शामिल रहे। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने इंटर्न, जूनियर रेजिडेंट, पोस्ट ग्रेजुएट एवं सुपरस्पेशलिटी चिकित्सकों की समस्याओं से मंत्री को विस्तारपूर्वक अवगत कराया।
ज्ञापन में विशेष रूप से राज्य में लागू किए जा रहे नए मेडिकल रजिस्ट्रेशन नियमों पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। JDA ने कहा कि इन नियमों का प्रभाव युवा चिकित्सकों के रोजगार, चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता तथा मरीजों की सुरक्षा पर पड़ सकता है। इसलिए इस विषय पर व्यापक विचार-विमर्श करते हुए आवश्यक संशोधन किया जाना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य विभाग में बढ़ रही आउटसोर्सिंग व्यवस्था का भी विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं जैसे संवेदनशील क्षेत्र में नियमित एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। आउटसोर्सिंग व्यवस्था से स्थानीय युवा चिकित्सकों के अवसर प्रभावित हो सकते हैं तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
JDA ने मेडिकल विद्यार्थियों, इंटर्न, पीजी, बॉन्डेड डॉक्टर्स एवं सुपरस्पेशलिटी रेजिडेंट्स को मिलने वाली छात्रवृत्ति, स्टाइपेंड एवं मानदेय को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बढ़ाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि देश के कई राज्यों में चिकित्सकों को बेहतर आर्थिक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, जबकि छत्तीसगढ़ में इस दिशा में अभी और सुधार की आवश्यकता है।
इसके अतिरिक्त चिकित्सकों की सेवा शर्तों, कार्यस्थल सुरक्षा, पदोन्नति, आवासीय सुविधाओं तथा कार्य परिस्थितियों में सुधार की मांग भी ज्ञापन के माध्यम से रखी गई। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि यदि युवा चिकित्सकों को बेहतर कार्य वातावरण और सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, तो प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा प्रतिभाशाली चिकित्सक छत्तीसगढ़ में ही अपनी सेवाएं देना पसंद करेंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि इन विषयों को संबंधित स्तर पर उठाकर सकारात्मक समाधान की दिशा में आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ एवं JDA CIMS बिलासपुर ने उम्मीद जताई कि प्रदेश के युवा चिकित्सकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा तथा चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के हित में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
