मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से मासूम रेणुका को मिली राहत, इलाज के लिए 95.50 हजार रुपये मंजूर
www.healthbhaskar.com रायपुर 03/07/2026. मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल से सरगुजा जिले की गंभीर श्वसन रोग से पीड़ित मासूम रेणुका खलखो के उपचार का रास्ता आसान हो गया है। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया में परिजनों द्वारा सहायता के लिए आवेदन दिए जाने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आर्थिक सहायता स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री की अनुशंसा पर मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत रेणुका के उपचार के लिए 95 हजार 500 रुपये की आर्थिक सहायता मंजूर की गई है। राज्य नोडल एजेंसी द्वारा जारी स्वीकृति आदेश के अनुसार यह राशि झारखंड के रांची स्थित रानी हॉस्पिटल में श्वसन संबंधी गंभीर बीमारी के इलाज के लिए प्रदान की जाएगी।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए यह सहायता बड़ी राहत लेकर आई है। समय पर मिली आर्थिक मदद से अब बच्ची का बेहतर इलाज संभव हो सकेगा। रेणुका के परिजनों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से उनकी बेटी के इलाज की नई उम्मीद जगी है।
राज्य सरकार की मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना गंभीर और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए प्रभावी जीवनरक्षक योजना साबित हो रही है। इसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे इलाज में आने वाली आर्थिक बाधाएं दूर हो रही हैं।
गौरतलब है कि बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी केंद्र बनकर उभरा है। यहां प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है, जिससे स्वास्थ्य सहायता सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंच रहा है।
