Fri. Jul 3rd, 2026

स्वास्थ्य मंत्री का महारानी अस्पताल में औचक निरीक्षण, 300 बिस्तर विस्तार और नई सुविधाओं के दिए निर्देश

www.healthbhaskar.com रायपुर 03/07/2026. स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बुधवार को बस्तर अंचल स्थित महारानी अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को मरीजों के प्रति संवेदनशीलता के साथ बेहतर उपचार और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल की वर्तमान 200 बिस्तरों की क्षमता को बढ़ाकर 300 शैयायुक्त करने के निर्देश दिए। साथ ही नए सेटअप और अस्पताल भवन के उन्नयन का प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेजने के लिए अधिकारियों से कहा, ताकि बढ़ती जरूरतों के अनुरूप स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा सके।

मंत्री श्री जायसवाल ने अस्पताल में डायलिसिस सेंटर और कैंसर यूनिट के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर की आंतरिक सड़कों की मरम्मत शीघ्र कराने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने आपातकालीन चिकित्सा कक्ष, ओपीडी, ईसीजी यूनिट, ब्लड बैंक और अटल आरोग्य लैब का भी निरीक्षण किया। मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उपचार और सुविधाओं की जानकारी ली। अटल आरोग्य लैब में उपलब्ध जांच सुविधाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने आवश्यक उपकरणों की जल्द स्थापना कर सभी 134 प्रकार की जांच सेवाएं शीघ्र शुरू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

डॉक्टर्स डे पर चिकित्सकों का किया सम्मान

डॉक्टर्स डे के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने महारानी अस्पताल में केक काटकर चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मरीजों की सेवा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और सभी चिकित्सक तथा स्वास्थ्य कर्मी समर्पण, संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

स्वास्थ्य मंत्री के इस निरीक्षण के बाद महारानी अस्पताल में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने, डायलिसिस और कैंसर उपचार जैसी नई सुविधाओं के विस्तार तथा जांच सेवाओं को और सुदृढ़ करने की दिशा में तेजी आने की उम्मीद है।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page