Thu. Jun 25th, 2026

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मिले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, स्वास्थ्य सेवाओं और किसानों के मुद्दों पर हुई चर्चा

www.healthbhaskar.com नई दिल्ली, 25 जून 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री Jagat Prakash Nadda से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, चिकित्सा अधोसंरचना, उर्वरक उपलब्धता तथा किसानों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राज्य सरकार दूरस्थ, ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य चिकित्सा संस्थानों को सुदृढ़ बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को बेहतर उपचार और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं राज्य के भीतर ही उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।

बैठक में खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों के लिए खाद एवं बीज की पर्याप्त और समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने अधिकारियों को आवश्यक कृषि आदानों की आपूर्ति सुचारु बनाए रखने तथा वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी या वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और नई तकनीकों को अपनाने के लिए गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को यह भी अवगत कराया कि राज्य में नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। किसानों को इनके लाभों की जानकारी देने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे खेती की लागत कम हो और उत्पादन क्षमता में वृद्धि हो सके।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से स्वास्थ्य, कृषि और जनकल्याण के क्षेत्रों में विकास को नई गति देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री श्री नड्डा ने छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों और जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page