Fri. Jun 26th, 2026

मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना: 22 हजार से अधिक मरीजों को घर के पास मिला निःशुल्क उपचार

www.healthbhaskar.com/ रायपुर, 26 जून 2026 मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना शहरी गरीब एवं स्लम बस्तियों में रहने वाले लोगों के लिए प्रभावी स्वास्थ्य सुरक्षा कवच साबित हो रही है। सूरजपुर जिले की नगर पंचायत जरही में संचालित इस योजना के तहत अब तक 463 स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से 22,495 मरीजों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार और दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। घर के समीप स्वास्थ्य सेवाएं मिलने से नागरिकों का समय और खर्च दोनों बच रहे हैं, वहीं बीमारियों की समय पर पहचान भी सुनिश्चित हो रही है।

योजना के तहत आयोजित शिविरों में प्रति शिविर औसतन 49 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इस दौरान 5,635 लैब जांचें की गईं, जबकि 19,395 मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। नियमित स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ और प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराई जा रही हैं।

समय पर जांच से गंभीर बीमारियों की पहचान

मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अब तक 536 नागरिकों की शुगर जांच में 86 मरीज मधुमेह से प्रभावित पाए गए। वहीं 21,603 लोगों के रक्तचाप परीक्षण में 2,144 मरीज उच्च रक्तचाप एवं शुगर संबंधी समस्याओं से पीड़ित मिले। सभी चिन्हित मरीजों को आवश्यक उपचार, निःशुल्क दवाइयां तथा चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया।

बस्तियों तक पहुंचीं स्वास्थ्य सेवाएं

स्वास्थ्य शिविरों में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा रक्तचाप परीक्षण, शुगर जांच, स्वास्थ्य परामर्श और आवश्यक दवाइयों का वितरण किया जा रहा है। बस्तियों के समीप ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने से नागरिकों को समय पर उपचार मिल रहा है, जिससे गंभीर बीमारियों की रोकथाम के साथ स्वास्थ्य जागरूकता को भी बढ़ावा मिल रहा है।

मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना शहरी गरीब परिवारों के लिए सुलभ, निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करते हुए प्रदेश की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक मजबूत बना रही है।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page