नारायणपुर में अंधत्व निवारण अभियान को बड़ी सफलता, 93 मोतियाबिंद मरीजों की लौटी रोशनी
www.healthbhaskar.com नारायणपुर 25/06/2026. राष्ट्रीय अंधत्व एवं दृष्टिबाधिता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत नारायणपुर जिले में चलाए जा रहे मोतियाबिंद मुक्त अभियान को उल्लेखनीय सफलता मिली है। कलेक्टर के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) के मार्गदर्शन में जिले भर में मोतियाबिंद रोगियों की पहचान कर उनका निशुल्क उपचार किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल 2026 से 24 जून 2026 तक जिले के 93 मोतियाबिंद मरीजों का सफल ऑपरेशन किया जा चुका है। सफल उपचार के बाद मरीजों की दृष्टि लौटने से उनके जीवन में नई उम्मीद और खुशियां आई हैं।
गंभीर मरीजों को दी जा रही प्राथमिकता
विभाग द्वारा मोतियाबिंद से प्रभावित मरीजों की पहचान कर चरणबद्ध तरीके से उपचार किया जा रहा है। विशेष रूप से दोनों आंखों से प्रभावित गंभीर मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
आंकड़ों के अनुसार जिले में दोनों आंखों से प्रभावित 268 मरीजों की पहचान की गई है, जिनमें से 47 मरीजों का सफल ऑपरेशन किया जा चुका है, जबकि 221 मरीजों का उपचार प्रक्रिया में है। वहीं एक आंख में मोतियाबिंद की समस्या वाले 604 मरीजों में से 46 मरीजों का सफल ऑपरेशन किया गया है तथा शेष 558 मरीजों के उपचार की तैयारी जारी है।
गांव-गांव पहुंच रही स्वास्थ्य विभाग की टीम
मोतियाबिंद उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग विशेष अभियान चला रहा है। इसके तहत विभागीय टीमें दूरस्थ और अंदरूनी गांवों में पहुंचकर लोगों की आंखों की जांच कर रही हैं। स्क्रीनिंग के माध्यम से मरीजों की समय पर पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि अंधत्व की स्थिति से बचाया जा सके।
सभी पात्र मरीजों को मिलेगा उपचार
जिला प्रशासन ने बताया कि शेष चिन्हित मरीजों के ऑपरेशन एवं उपचार की प्रक्रिया लगातार जारी है। विभाग का उद्देश्य जिले के सभी पात्र मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराकर उनकी दृष्टि पुनर्स्थापित करना तथा अंधत्व मुक्त समाज की दिशा में प्रभावी कदम उठाना है।
