रायपुर में 125 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक प्रथमेश सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का शुभारंभ, CM साय बोले- छत्तीसगढ़ बनेगा हेल्थकेयर हब
www.healthbhaskar.com/रायपुर 11 अक्टूबर 2026. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को राजधानी रायपुर के देवपुरी में लगभग एक एकड़ क्षेत्र में निर्मित 125 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक प्रथमेश सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव हैं। राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने फीता काटकर अस्पताल का उद्घाटन किया और वहां उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन एवं चिकित्सकों की टीम को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि यह संस्थान प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रदेश में ही मिलेंगी बेहतर और आधुनिक उपचार सुविधाएं
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूसरे राज्यों में जाने से मरीजों और उनके परिजनों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है। साथ ही उन्हें कई व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना भी करना पड़ता है। राज्य सरकार का प्रयास है कि लोगों को विशेषज्ञ और सुपर स्पेशलिटी उपचार की सुविधाएं प्रदेश में ही उपलब्ध हों।
उन्होंने कहा कि रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आधुनिक अस्पतालों और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का विस्तार होने से दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम होगी। इससे छत्तीसगढ़ के साथ आसपास के राज्यों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा। सरकारी और निजी क्षेत्र के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में मजबूत हेल्थकेयर इकोसिस्टम विकसित हो रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
आयुष्मान भारत से गरीब परिवारों को मिल रही स्वास्थ्य सुरक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार में आर्थिक सुरक्षा मिल रही है। छत्तीसगढ़ सरकार भी यह सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है कि आर्थिक अभाव किसी व्यक्ति के इलाज में बाधा न बने।
उन्होंने बताया कि जिला अस्पतालों से लेकर प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। सुदूर वनांचलों और जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रदेश के प्रत्येक नागरिक का समान अधिकार है।
नवा रायपुर में 200 एकड़ में विकसित होगी मेडिसिटी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ को चिकित्सा सेवाओं और निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने के उद्देश्य से नवा रायपुर में 200 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक मेडिसिटी विकसित की जा रही है। इस परियोजना से सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने और नए निवेश के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि रायपुर और नवा रायपुर में आधुनिक चिकित्सा संस्थानों के विस्तार से छत्तीसगढ़ की पहचान एक प्रमुख हेल्थकेयर डेस्टिनेशन के रूप में मजबूत होगी। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के लोगों को जटिल बीमारियों के उपचार के लिए दूसरे राज्यों में न जाना पड़े, बल्कि अन्य राज्यों के मरीज भी बेहतर इलाज के लिए छत्तीसगढ़ आएं।
युवाओं के लिए बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश का लाभ केवल अस्पतालों और चिकित्सा उपकरणों तक सीमित नहीं रहता। इससे डॉक्टरों, नर्सों, तकनीशियनों और पैरामेडिकल स्टाफ सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ते हैं। राज्य सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना के विकास के साथ प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने और युवाओं को प्रदेश में ही बेहतर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से मरीजों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा सेवा, संवेदनशीलता और गुणवत्ता के साथ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
केंद्रीय मंत्री और उपमुख्यमंत्री ने भी दी शुभकामनाएं
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य सुखी और समृद्ध जीवन का आधार है। केंद्र और राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रथमेश हॉस्पिटल के शुरू होने से प्रदेशवासियों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिलेंगी।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत करने के साथ निजी क्षेत्र में भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। प्रथमेश हॉस्पिटल के शुभारंभ से प्रदेश की जनता को सुपर स्पेशलिटी सेवाओं का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक मोतीलाल साहू, प्रथमेश हॉस्पिटल ग्रुप के डॉ. राजीव साहू, डॉ. सारिका साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
