स्कूलों में लगेगी सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन
www.healthbhaskar.com/रायपुर 11 सितम्बर 2026. प्रदेश के स्कूलों और बालिका छात्रावासों में छात्राओं को जरूरत के समय सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने के लिए वेंडिंग मशीन लगाने की पहल की गई है। छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने सभी कन्या और सहशिक्षा स्कूलों के साथ आवासीय बालिका छात्रावासों व आश्रमों में यह सुविधा उपलब्ध कराने की अनुशंसा की है।
स्कूलों के निरीक्षण के दौरान सामने आया कि माहवारी के समय जरूरत पड़ने पर छात्राओं को कई जगह सेनेटरी पैड आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाते। इसके चलते उन्हें असुविधा के साथ कई बार स्कूल से छुट्टी भी लेनी पड़ती है। किशोरियों में कम उम्र में मासिक धर्म शुरू होने को देखते हुए स्कूलों में ऐसी बुनियादी सुविधा जरूरी बताई गई है।
शौचालय के पास होगी मशीन
वेंडिंग मशीन स्कूल के शौचालय क्षेत्र में लगाने की बात कही गई है। इससे छात्राएं बिना किसी झिझक के जरूरत के समय पैड ले सकेंगी। छात्राओं को स्वास्थ्य और मासिक धर्म स्वच्छता से जुड़ी जानकारी देने के लिए महिला शिक्षिका या छात्रावास की अधीक्षिका की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।
पहले सर्वे, फिर सुविधा
आयोग ने महिला एवं बाल विकास, स्कूल शिक्षा और आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग से स्कूलों और छात्रावासों का सर्वे कराने की अनुशंसा की है। सर्वे के आधार पर जहां जरूरत हो, वहां जल्द मशीनें लगाई जाएंगी। मशीनों की नियमित देखरेख और उनमें पैड की उपलब्धता बनाए रखने की जिम्मेदारी संबंधित स्कूल प्रबंधन और छात्रावास अधीक्षक की होगी।
आयोग का मानना है कि माहवारी के दौरान जरूरी सुविधाएं मिलने से छात्राओं की पढ़ाई और स्कूल में नियमित उपस्थिति प्रभावित नहीं होगी। इससे उन्हें स्वच्छता के साथ सम्मानजनक और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण भी मिल सकेगा।
